February 11, 2026
Entertainment

‘धुरंधर’ रणवीर सिंह को मिली धमकी, करोड़ों रुपए की मांग, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Ranveer Singh receives threats demanding crores of rupees; police beefs up security

11 फरवरी । फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हाल ही में हुई फायरिंग के बाद अब फिर से बॉलीवुड से जुड़ी नई खबर सामने आई है। अभिनेता रणवीर सिंह को एक धमकी भरा मैसेज भेजा गया है, जिसमें उनसे करोड़ों रुपए की मांग की गई है।

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ फेम अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यह घटना हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के ठीक बाद सामने आई है, जिससे बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी भरा मैसेज भेजा गया। इस मैसेज में उनसे करोड़ों रुपए की मांग की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

मैसेज मिलने के तुरंत बाद रणवीर सिंह ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। अब उनके आवास पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

पुलिस अब धमकी भरा वॉइस नोट भेजने वाले व्यक्ति या गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। जांचकर्ता मैसेज के सोर्स, नंबर और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

रोहित शेट्टी के घर पर हाल ही में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें कुछ राउंड गोलियां चलाई गईं थीं। पुलिस ने उस मामले में जांच शुरू की है और कई आरोपियों पर भी शिकंजा कसा।

रणवीर सिंह निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी की कई फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें ‘सिंघम अगेन’ और अन्य प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। दोनों के बीच पेशेवर संबंध मजबूत हैं।

वहीं, रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी पुलिस की पहुंच से अभी तक दूर है।

Leave feedback about this

  • Service