February 14, 2026
Punjab

पंजाब भाजपा लैंड पूलिंग योजना के खिलाफ ‘जमीन बचाओ, किसान बचाओ’ यात्रा शुरू करेगी

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा लाई गई किसान-हत्यारी लैंड पूलिंग योजना के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी पंजाब द्वारा छेड़ी गई जंग को और तेज करते हुए पार्टी अब प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में 17 अगस्त से 5 सितंबर, 2025 तक “जमीन बचाओ, किसान बचाओ” यात्रा निकालेगी। यह जानकारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दी, जो आज भाजपा पंजाब मुख्यालय में प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढ़ी, भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बल्लियेवाल, भाजपा पंजाब प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की उपस्थिति में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।

ढिल्लों ने कहा कि इस यात्रा के दौरान भाजपा पंजाब में गांव-गांव जाकर किसानों को इस योजना के खिलाफ लामबंद करेगी और जो किसान पहले से जागरूक और संघर्षरत हैं उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी।

यह यात्रा 17 अगस्त को पटियाला से शुरू होकर लैंड पूलिंग से प्रभावित मालवा, माझा और दोआबा के गांवों से होकर गुजरेगी और 5 सितंबर को पठानकोट में संपन्न होगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने किसानों की जमीनों पर बड़ा हमला किया है। सरकार लैंड पूलिंग स्कीम के जरिए किसानों की जमीनें भू-माफियाओं को देना चाहती है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा, “भाजपा किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है, किसी भी तरह की ज़बरदस्ती या धौंस-धमकी नहीं चलने दी जाएगी।” जब तक भगवंत मान सरकार अपनी लैंड पूलिंग की घोषणा वापस नहीं ले लेती, तब तक भाजपा किसानों के साथ हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

Leave feedback about this

  • Service