N1Live National कुकरू हिल स्टेशन के विकास के लिए 150 करोड़ रुपए की घोषणा, सीएम मोहन यादव ने रखा रोडमैप
National

कुकरू हिल स्टेशन के विकास के लिए 150 करोड़ रुपए की घोषणा, सीएम मोहन यादव ने रखा रोडमैप

₹150 crore announced for the development of Kukru Hill Station; CM Mohan Yadav outlines the roadmap.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के कुकरू हिल स्टेशन को प्राकृतिक सौंदर्य और ईको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पेश की। उन्होंने कुकरू, चिखलदरा, मुक्तागिरी और मेलघाट को जोड़ने वाले 150 करोड़ रुपए के एकीकृत पर्यटन सर्किट के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

महिला स्वयं सहायता समूहों और वन विभाग के सहयोग से ‘कुकरू नेचुरल’ ब्रांड के तहत इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इनके माध्यम से कॉफी, कोदो-कुटकी, आंवला, शहद, हर्रा, बहेड़ा, सफेद मूसली और भिलवा जैसे स्थानीय उत्पादों का प्रसंस्करण और विपणन किया जाएगा। इसके अलावा घी, मावा और दही जैसे डेयरी उत्पादों की बिक्री के लिए भी केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

कॉफी बोर्ड के तकनीकी सहयोग से रोबस्टा और अरेबिका कॉफी की खेती और प्रसंस्करण के लिए 10 करोड़ रुपए की परियोजना भी शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा कुकरू हिल स्टेशन के दौरे के दौरान की। उन्होंने दिन की शुरुआत विश्राम गृह परिसर में योग सत्र से की।

इस दौरान उन्होंने मयूरासन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन और शलभासन सहित विभिन्न योगासन किए। साथ ही नाड़ी शोधन, तितली और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी किया। उन्होंने लोगों से बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कुकरू से ही पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की और बच्चों को पोलियो की दवा भी पिलाई। कुकरू की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यहां ईको-टूरिज्म सुविधाएं, सूर्योदय और सूर्यास्त देखने के लिए विशेष प्वाइंट, आधुनिक बुनियादी ढांचा और ट्रैकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स विकसित किए जाएंगे।

स्थानीय आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए होम-स्टे स्थापित किए जाएंगे, जिनका संचालन मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम की तर्ज पर किया जाएगा। इनकी बुकिंग मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के माध्यम से होगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

अन्य योजनाओं में पशुपालकों के लिए उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराना, पशु शेड का निर्माण, जल संरक्षण के लिए 5 करोड़ रुपए की लागत से तालाब बनाना और स्थानीय युवाओं को पर्यटन, आतिथ्य सेवा तथा ड्राइविंग का प्रशिक्षण देना शामिल है। ग्रामीणों की मांग पर कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की भी घोषणा की गई। इनमें सड़क निर्माण, पुल निर्माण, छात्रावास, वेलनेस सेंटर और उचित मूल्य की दुकान की स्थापना शामिल है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कुकरू के विकास के लिए बजट और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version