N1Live World ‘140 करोड़ लोग देते हैं हमारा साथ’, नेतन्याहू ने भारत को बताया इजरायल का मजबूत मित्र
World

‘140 करोड़ लोग देते हैं हमारा साथ’, नेतन्याहू ने भारत को बताया इजरायल का मजबूत मित्र

'1.4 billion people stand with us': Netanyahu calls India a strong friend of Israel.

 

वाशिंगटन, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को अपना दमदार दोस्त बताया है। नेतन्याहू ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान से असहमति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही इजरायल के एकमात्र सहयोगी हैं। नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप निश्चित रूप से व्हाइट हाउस में इजरायल के सबसे बड़े मित्र रहे हैं, लेकिन दुनिया में इजरायल के कई अन्य मजबूत दोस्त भी हैं, जिनमें से एक भारत है।

 

अमेरिकी प्रसारक फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में इजरायली पीएम ने कहा, “हमारे कुछ और दोस्त भी हैं, जैसे भारत। 140 करोड़ आबादी वाले इस देश से हमें जबरदस्त समर्थन मिलता है।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके फेसबुक पेज पर मिलने वाला भारी समर्थन, खासकर भारतीय उपयोगकर्ताओं की सक्रियता, इसका एक उदाहरण है।

रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) प्रसारित इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि भारत ही नहीं, कई अन्य देशों के नेता भी निजी तौर पर इजरायल का समर्थन करते हैं और रक्षा, साइबर सुरक्षा और एआई जैसे क्षेत्रों में सहयोग चाहते हैं। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस में इजरायल का सबसे बड़ा दोस्त बताया, लेकिन कहा कि हर मुद्दे पर उनकी और जेडी वेंस की राय एक जैसी होना जरूरी नहीं है।

इस दौरान उन्होंने यह भी दोहराया कि ईरान के मुद्दे पर उनकी और ट्रंप की सोच एक जैसी है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौता नहीं भी होता है, तब भी उनके प्रधानमंत्री रहते ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।

पिछले महीने जेडी वेंस ने कहा था कि “डोनाल्ड ट्रंप ही इस समय दुनिया के एकमात्र ऐसे राष्ट्राध्यक्ष हैं, जो इजरायल के प्रति सहानुभूति रखते हैं।” उन्होंने यह भी कहा था कि अगर वह इजरायली सरकार का हिस्सा होते, तो अपने एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी की आलोचना नहीं करते।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां से भी उन्हें जबरदस्त समर्थन प्राप्त होता है।

 

Exit mobile version