5 मार्च । पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कनाडा में भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की मौत, खाड़ी देशों में फंसे लोगों और राज्य में मेडिकल कॉलेज के विस्तार को लेकर प्रतिक्रिया दी।
पंजाब के मंत्री बलबीर सिंह ने कहा, “वर्तमान हालात में हमारे कई लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। लगभग एक करोड़ लोग वहां फंसे हुए हैं। इनमें से कुछ पटियाला से भी हैं व मुझे उनके फोन आए और उन्होंने बताया कि उनके पास पैसे खत्म हो गए हैं। इस पर मैंने अपने एक परिचित व करीबी दोस्त के माध्यम से उनके होटल के बिलों का भुगतान करवाया। कुल मिलाकर छह लोग थे। हम उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं केंद्र और विदेश मंत्री के साथ समन्वय कर रहे हैं। केंद्र सरकार को वर्तमान में चल रहे युद्ध को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करनी चाहिए। हालांकि केंद्र सरकार को मिडिल ईस्ट में रह रहे लोगों को निकाल लेना चाहिए था क्योंकि स्थिति के बारे में पहले से ही जानकारी थी।
कनाडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की मौत पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है और मेरी संवेदनाएं उस परिवार के साथ हैं, जिसकी बेटी या बच्चा पढ़ाई या काम के लिए बाहर जाते हैं और फिर हमें उनका शव वापस लाना पड़ता है। इससे ज्यादा दुखद कुछ नहीं हो सकता।”
उन्होंने कहा कि पहले कई समस्याएं थीं, इसलिए हमने सभी की समीक्षा की। अब होशियारपुर, शहीद उधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट और अन्य चिकित्सा विज्ञान संस्थानों से शुरू होकर नए मेडिकल कॉलेजों का विस्तार होने जा रहा है। पूरथला स्थित मेडिकल कॉलेज सहित ये सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज हैं, जहां सभी सीटें सरकारी होंगी, जिनमें केंद्र सरकार के साथ 60-40 का सहयोग है।”


Leave feedback about this