March 31, 2026
Sports

पहला वनडे: नाहिद राणा के सामने पाकिस्तान ने घुटने टेके, बांग्लादेश की 8 विकेट से जीत

1st ODI: Pakistan surrenders before Nahid Rana, Bangladesh win by 8 wickets

 

ढाका,बांग्लादेश ने शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले वनडे मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से लीड बना ली है। सीरीज के शेष मुकाबले 13 और 15 मार्च को इसी मैदान पर खेले जाने हैं।

 

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने 23 वर्षीय नाहिद राणा की धारदार गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए। मेहमान टीम 30.4 ओवरों में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवरों में 41 रन जोड़े। साहिबजादा फरहान 38 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।

अगली 8 साझेदारियां दहाई का आंकड़ा भी ना छू सकीं। आलम ये रहा कि पाकिस्तानी टीम 82 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अबरार अहमद ने फहीम अशरफ के साथ अंतिम विकेट के लिए 41 गेंदों में 32 रन जुटाकर टीम को जैसे-तैसे शतक के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान के अलावा, माज सदाकत (18), मोहम्मद रिजवान (10) और फहीम अशरफ (37) के अलावा, कोई अन्य बल्लेबज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

विपक्षी खेमे से नाहिद राणा ने 7 ओवरों में 24 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनके अलावा, कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट निकाले। तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान के हाथ 1-1 विकेट लगा।

इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम ने महज 15.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। सैफ हसन ने तंजीद हसन तमीम के साथ पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 27 रन की साझेदारी की। सैफ हसन 10 गेंदों में 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद नजमुल हसन शांतो ने तंजीद के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 82 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को जीत के करीब पहुंचा दिया।

नजमुल शांतो 33 गेंदों में 5 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद तंजीद ने लिटन दास के साथ टीम को जीत दिलाई। तंजीद 42 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि लिटन ने नाबाद 3 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से कप्तान शाहीन अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

 

Leave feedback about this

  • Service