बेंगलुरु के अलग-अलग हिस्सों से हिरासत में लिए गए 31 बांग्लादेशी नागरिकों को पश्चिम बंगाल भेजा गया है। इन्हें अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पकड़ा गया था। बुधवार सुबह इन्हें मालदा में अधिकारियों को सौंप दिया गया, जहां से आगे की डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इन बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्टेशन प्रक्रिया के तहत सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी) बेंगलुरु से पश्चिम बंगाल के मालदा भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि यह ग्रुप बेंगलुरु में 10 अलग-अलग पुलिस थानों के क्षेत्र से शहरव्यापी अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया था।
पुलिस ने कहा, “यह ग्रुप बुधवार सुबह मालदा पहुंचा और आगे की डिपोर्टेशन प्रक्रिया के लिए कर्म तीर्थ होल्डिंग सेंटर में अधिकारियों को सौंप दिया गया।” पुलिस ने कहा कि बांग्लादेश डिपोर्ट करने से पहले पश्चिम बंगाल के अधिकारियों के साथ मिलकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
इस बीच, बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध अवैध प्रवासियों के बारे में जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने लोगों को कानून अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी और कहा कि अगर उनके पास संदिग्ध अवैध प्रवासियों के बारे में कोई जानकारी है तो वे अधिकारियों को सूचित करें।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी के पुलिस उपायुक्त एम. नारायण ने बताया कि पश्चिम बंगाल की यात्रा के दौरान 31 बांग्लादेशी नागरिकों को 20 पुलिसकर्मियों ने एस्कॉर्ट किया। कर्नाटक में फिलहाल अवैध विदेशी नागरिकों, खासकर संदिग्ध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई चल रही है, जिसे ‘ऑपरेशन मुक्त’ नाम दिया गया है।
अगस्त के अंत में मंगलुरु सिटी पुलिस ने 21 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को हिरासत में लिया था, जो स्थानीय निर्माण स्थलों पर काम करते पाए गए थे। बेंगलुरु में विदेशी डिटेंशन सेंटर में जगह नहीं होने के कारण इन लोगों को पहले एक स्थानीय सेफ हाउस में रखा गया था और फिर मालदा, पश्चिम बंगाल में बीएचएफ होल्डिंग सेंटर ले जाया गया था।

