April 18, 2025
National

बिलासपुर में तेज रफ्तार कार ने दो पैदल यात्रियों को मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर

A high speed car hit two pedestrians in Bilaspur, one in critical condition

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमंद-सिरगिट्टी बायपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अनियंत्रित कार युवकों को जोरदार टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती दिख रही है।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार सफेद टोयोटा ग्लैंजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर सीजी10एएक्स2840) की चपेट में दो पदयात्री आ गए। कार से टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक यात्री कई फीट ऊपर जाकर सड़क पर गिरा। दोनों घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान गोपी निषाद और रोहित निषाद के रूप में हुई है, दोनों महमंद गांव के रहने वाले हैं।

बताया जा रहा है कि कार चालक सरसिवा भटगांव से सिरगिट्टी की ओर जा रहा था। महमंद के पास चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह दुर्घटना घटी। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।

तोरवा थाना प्रभारी अभय सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रार्थी गोपी निषाद अपने साथी रोहित निषाद के साथ पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से एक सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा (सीजी10एएक्स2840) के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर उन्हें ठोकर मार दी। मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया गया। चालक से पूछताछ में पता चला कि उसे झपकी आने के कारण वाहन की गति बढ़ गई, जिससे यह हादसा हुआ। चालक के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी चोट को साधारण बताया है।

Leave feedback about this

  • Service