June 15, 2025
National

राजस्थान के बीकानेर में मंत्री अविनाश गहलोत ने ज्‍यादा पौधे लगाने और जल संरक्षण की दिलाई शपथ

In Bikaner, Rajasthan, Minister Avinash Gehlot administered the oath to plant more trees and conserve water

राजस्थान के बीकानेर में शनिवार को कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ कार्यक्रम में शिरकत की। यह अभियान रिडमलसर स्थित सागर तालाब के किनारे आयोजित किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी से एक पौधा लगाने और उसका पालन-पोषण करने का आग्रह किया।

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने साल भर जल संरक्षण को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य के लिए रोजाना योग करने और नशे के खिलाफ लड़ाई का आह्वान किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वर्षा जल संरक्षण को लेकर अभियान शुरू किया है। इस अभियान में ज्यादा लोगों को भाग लेना चाहिए। इसके अलावा पर्यावरण को लेकर सरकार का ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने पर फोकस है। इस दौरान गहलोत ने अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि हर व्यक्ति 10 रुपए की एक चाय छोड़कर, उस कीमत का एक पौधा अवश्य लगाएं, उसे तीन साल तक बड़ा भी करें। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ का दोहन करता है। लिहाजा प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लें। पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से साल भर इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केवल एक पखवाड़े तक ही नहीं बल्कि पूरे साल हमें इस अभियान का हिस्सा बनकर जल संरक्षण करना है। प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान का हिस्सा बने।

गहलोत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति आधे से पौने घंटे तक प्रतिदिन योग करे, तभी वह मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहेगा। योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही, मंत्री ने नशे के खिलाफ संकल्प लेने और परिवार को मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave feedback about this

  • Service