June 28, 2025
National

बिहार महिला सशक्तीकरण का बड़ा उदाहरण : विजय सिन्हा

Bihar is a great example of women empowerment: Vijay Sinha

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित समारोह में 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।

समारोह में भाग लेने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने दावा करते हुए कहा कि देश में किसी भी प्रदेश से सबसे ज्यादा महिला सिपाही बिहार में हैं, यह महिला सशक्तीकरण का सबसे बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि अभी यह नियुक्ति प्रक्रिया का अंत नहीं है। बिहार में पुलिस की आगे भी बहाली होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ही अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया है।

भाजपा के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राजद पर कटाक्ष करते हुए कहा, “उन लोगों को जो नियुक्ति के नाम पर जमीन लिखवाते हैं और वातावरण को दूषित करते हैं। नौजवानों के मन के अंदर हताशा, निराशा उत्पन्न करते हैं, उनको सबक लेना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि नशामुक्त, अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने के लिए अगर सभी युवा, सिपाही, पुलिसकर्मी संकल्प ले लें तो हमारा बिहार आगे बढ़ेगा और गौरवान्वित होगा।

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही और पुलिसकर्मियों की बहाली की जाएगी। 24 नवंबर 2005 को नई सरकार बनने के समय बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या मात्र 42,481 थी। वर्ष 2006 से कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस बल की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गई। सरकार ने तय किया है कि पुलिस बल की संख्या को और बढ़ाना है तथा इसके लिए कुल 2 लाख 29 हजार से भी अधिक पदों का सृजन कर तेजी से पुलिसकर्मियों की बहाली की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service