November 15, 2025
National

‘बिहार लोकतंत्र की जननी’, एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व सीएम रघुबर दास ने जताया मतदाताओं का आभार

‘Bihar is the mother of democracy’, former CM Raghubar Das thanks voters for NDA’s historic victory

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीट जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। इसमें भाजपा रिकॉर्ड सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। नंबर दो पर जदयू और नंबर तीन पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) रही।

एनडीए की इस ऐतिहासिक जीत पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने बिहार को लोकतंत्र की जननी करार देते हुए मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि उन्होंने विकास को चुना है।

आईएएनएस से बातचीत में पूर्व सीएम ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है। बिहार के लोगों ने अपने प्रचंड जनादेश के माध्यम से विकास, सुशासन और कार्य-निष्पादन के प्रति अपना समर्थन प्रदर्शित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि बुनियादी ढांचा, महिला सशक्तीकरण और अन्य सरकारी कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। यही कारण है कि बिहार की जनता जातिवाद और सांप्रदायिकता से ऊपर उठकर विकसित बिहार बनाने के हित में जनादेश दे दिया है। इससे सिद्ध हो गया कि बिहार लोकतंत्र की जननी है। यह प्रचंड वोटिंग और प्रचंड बहुमत विभाजनकारी पार्टियों को सबक है। जनता ने विकास की राजनीति और प्रदर्शन की राजनीति पर विश्वास जताया है।

झारखंड के स्थापना दिवस को लेकर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक छटाओं और संसाधनों से भरपूर प्रदेश झारखंड के स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक बधाई। प्राकृतिक सौंदर्य, कला, संस्कृति, नृत्य-संगीत और मेहनतकश तथा ईमानदार लोग झारखंड की पहचान है। बाबा बैद्यनाथ झारखंडवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाएं, यह कामना करता हूं। झारखंड राज्य के निर्माणकर्ता पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को शत शत नमन।

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्होंने कहा कि गुलामी और शोषण के खिलाफ उलगुलान कर अंग्रेजी हुकूमत की जड़े हिलानेवाले अमर बलिदानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शत-शत नमन। भगवान बिरसा मुंडा ने धर्म और आदि संस्कृति की रक्षा करने का आह्वान कर समाज में चेतना जागृत की। अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। समस्त देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

Leave feedback about this

  • Service