December 24, 2025
National

भोपाल: अयोध्या बायपास को 10 लेन बनाने के लिए पेड़ कटाई पर लगी रोक

Bhopal: Ban on tree felling for 10-lane Ayodhya bypass

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास मार्ग को 10 लेन किए जाने के लिए हजारों की तादाद में पेड़ काटे जाना प्रस्तावित है। इस मामले पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने आगामी आदेश तक के लिए पेड़ कटाई पर रोक लगा दी है।

एनजीटी के इस आदेश के बाद अब आठ जनवरी को इस पर सुनवाई होगी। बता दें कि राजधानी के अयोध्या बायपास रोड को 10 लेन में बदला जाना है, जिसके चलते आठ से 12 हजार पेड़ कटने की आशंका जताई जा रही है। पेड़ों की कटाई का सिलसिला भी शुरू हो गया है और इसका विरोध भी हो रहा है।

वहीं, इसके खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में भी याचिका दायर की गई। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में दायर की गई याचिका पर न्यायाधीश पुष्पा सत्यनारायण ने पेड़ कटाई पर रोक लगा दी है और इस मामले पर अगली सुनवाई आठ जनवरी को निर्धारित की गई है। दायर की गई याचिका में कहा गया है कि 16 किलोमीटर का लंबा रास्ता है जिसे 10 लेन बनाया जाना है, जो आश्रम तिराहे से करोंद होते हुए रत्नागिरी तिराहा तक है और इसके चलते आठ से 12 हजार पेड़ काटे जाने हैं।

यह परियोजना नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधीन है। अयोध्या बायपास में प्रस्तावित 10 लेन सड़क के लिए हजारों पेड़ काटे जाने का राजधानी में विरोध हो रहा है। इसकी वजह भी है क्योंकि इससे पहले राजधानी में बीआरटीएस, स्मार्ट सिटी, कोलार सिक्स लेन आदि परियोजनाओं के लिए हजारों पेड़ काटे जा चुके हैं। पेड़ कटाई का असर सीधे तौर पर राजधानी की आवो हवा पर पड़ रहा है और गर्मी में यहां का तापमान भी उछाल मार रहा है।

इसे लेकर कांग्रेस की ओर से भी आंदोलन चलाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिपको आंदोलन चलाया और चेहरे पर मास्क लगाकर भी विरोध प्रदर्शन किया था।

Leave feedback about this

  • Service