February 4, 2026
National

गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर देना चाहिए: मौलाना शहाबुद्दीन रजवी

Cow should be declared a national animal: Maulana Shahabuddin Razvi

फिल्म ‘गोदान’ के ट्रेलर को लेकर सियासी विवाद जारी है। इस बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार से मांग की है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए।

मौलाना शहाबुद्दीन का यह बयान उस वक्त आया है जब हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म ‘गोदान’ का पोस्टर फिल्म की कास्ट के साथ रिलीज किया था।

बरेली में आईएएनएस से बातचीत में शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर फिल्म गोदान का पोस्टर जारी किया। उन्होंने कहा कि गाय का मुद्दा मुगल काल से लेकर ब्रिटिश काल और आजादी के बाद तक हमेशा बहस और सांप्रदायिक तनाव का कारण रहा है। इसलिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार से अपील करता हूं कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर दिया जाए, ताकि इस तरह के कई विवादों का अंत हो सके।

उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि वे गाय को पालें, उसकी देखभाल करें और उसके दूध का उपयोग करें।

बता दें कि गोरक्षा को समर्पित फिल्म ‘गोदान’ अपने पोस्टर रिलीज के साथ ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म 6 फरवरी को रिलीज होगी।

31 जनवरी को फिल्म के निर्माता-निर्देशक ने सीएम योगी से मुलाकात की थी।

‘गोदान’ भारतीय संस्कृति में गोमाता की भूमिका पर आधारित है, जहां गाय को मां और भगवान के रूप में पूजा जाता है। भगवान श्री कृष्ण ने भी गीता में धर्म रक्षा और गोरक्षा का ज्ञान दिया है। सीएम योगी भी प्रदेश में गोरक्षा की बात करते हैं और उनके सत्ता में आने के बाद कई अवैध बूचड़खानों पर प्रतिबंध भी लगता है। ये फिल्म गोरक्षा का संदेश देती है और यही वजह रही कि फिल्म के मेकर्स ने सीएम योगी से मुलाकात की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया था। सीएम ने कहा था कि गौ-माता की महिमा को समर्पित अपनी तरह की पहली फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर और पोस्टर लॉन्च किया गया है। फिल्म 6 फरवरी को रिलीज होगी। यह फिल्म भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व को रेखांकित करती है, जिससे युवा पीढ़ी को भी गौसंवर्धन के प्रयासों में सहभागी बनने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave feedback about this

  • Service