4 फरवरी । बिहार के गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर तलाशी के दौरान एक यात्री के बैग में मृत सांप देखकर रेलवे पुलिस (आरपीएफ) के भी होश उड़ गए। बाद में इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल, यह पूरा मामला गया रेलवे स्टेशन का है, जब मंगलवार की शाम रेलवे पुलिस की ओर से प्लेटफॉर्म पर गश्त किया जा रहा था। इसी दौरान जब आरपीएफ की एक टीम प्लेटफॉर्म नंबर एक बी पर गश्त कर रही थी, तब दो संदिग्ध युवक एक बैग लिए घूमते दिखे। जब पुलिस टीम ने युवकों को रोकने का इशारा किया, तो ये भागने लगे। पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने जब इनके बैग की तलाशी ली, तो बैग से दुर्लभ प्रजाति का मृत रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया गया। सांप दिखने के बाद प्लेटफॉर्म पर हड़कंप मच गया। बाद में दोनों तस्करों को रेलवे पुलिस अपने साथ ले गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बुधवार को बताया, “गश्ती के दौरान प्लेटफार्म संख्या 1बी पर दो व्यक्तियों को एक मृत सांप के साथ पकड़ा गया है। पूछताछ में एक ने अपनी पहचान जहानाबाद जिले के मखदुमपुर निवासी उपेंद्र कुमार बताई, तो दूसरे ने गया जिले के चाकंद के अमराहा गांव निवासी मोहम्मद सादुल्ला बताया। इनके पास जो बैग था, उसकी तलाशी ली गई, तो दुर्लभ प्रजाति का मृत रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया गया।”
उन्होंने बताया कि तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना के बाद स्नैक कैचर और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद सांप को जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत में रेड सैंड बोआ सांप की मांग है। कहा जाता है कि अंधविश्वास और जादू टोना में इसका उपयोग किया जाता है। अवैध वन्यजीव व्यापार के कारण इसकी कीमत करोड़ों रुपये तक बताई जाती है। ये तस्कर इस मृत सांप को दूसरी जगह पहुंचाने की फिराक में थे।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। गिरफ्तार दोनों तस्करों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। रेड सैंड बोआ सांप को दोमुंहा सांप भी कहते हैं। यह एक अत्यंत दुर्लभ और गैर-विषैला सरीसृप होता है।


Leave feedback about this