February 7, 2026
National

मलेशिया यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी बोले- भारतीय समुदाय हमारे रिश्तों का मजबूत सेतु

Before visiting Malaysia, Prime Minister Modi said – Indian community is a strong bridge of our relations.

7 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया दौरे पर रवाना होने से पहले बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि मैं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत व व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं आज अपने दोस्त प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के न्योते पर मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर जा रहा हूं। भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के सालों में लगातार प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं। हमारा लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, आर्थिक और इनोवेशन साझेदारी को बढ़ाना व अपने सहयोग को नए क्षेत्रों में फैलाना होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं मलेशिया में भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। लगभग तीन मिलियन की संख्या वाला यह समुदाय दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासियों में से एक है। मलेशिया की प्रगति में उनका बहुत बड़ा योगदान और हमारे दोनों देशों के बीच एक जीवित पुल के रूप में उनकी भूमिका हमारी ऐतिहासिक दोस्ती को एक मजबूत आधार प्रदान करती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत करेंगे। यह उनकी मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी और अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद पहली यात्रा होगी।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय चर्चा के अलावा, प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ उद्योग व व्यापार प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। उनकी यात्रा के साथ ही 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फोरम भी आयोजित किया जाएगा।

भारत और मलेशिया ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित दीर्घकालिक मित्रता साझा करते हैं। मलेशिया में 29 लाख से अधिक भारतीय प्रवासी समुदाय की उपस्थिति से यह संबंध और भी मजबूत होता है, जो विश्व में तीसरा सबसे बड़ा है।

Leave feedback about this

  • Service