February 10, 2026
Entertainment

अलग कहानी और अनोखे अंदाज़ के निर्देशक केसी बोकाडिया, जिनकी फिल्में आज भी दर्शकों को बांधे रखती

KC Bokadia, a director with a unique story and a unique style, whose films still captivate audiences.

10 फरवरी । अलग कहानी और अनोखे अंदाज के साथ फिल्म निर्माण की बात हो तो शानदार निर्देशकों में से एक केसी बोकाडिया का नाम जरूर से आता है, जिन्होंने अलग कहानी और अनोखे अंदाज से फिल्में बनाकर दर्शकों का दिल जीता। लिहाजा, आज भी सालों पुरानी फिल्में पूरी दिलचस्पी के साथ देखी जाती हैं।

10 फरवरी को राजस्थान के नागौर जिले के मेड़ता सिटी में जन्में किस्तूर चंद बोकाडिया ने अपने करियर में 60 से ज्यादा फिल्में बनाईं और निर्देशित कीं। केसी बोकाडिया ने ‘प्यार झुकता नहीं’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘नसीब अपना अपना’, ‘हम तुम्हारे हैं सनम’, ‘प्यार जिंदगी है’ और ‘मैं तेरा दुश्मन’ जैसी रोमांटिक और पारिवारिक फिल्में बनाईं। इन फिल्मों को उस दौर में बहुत पसंद किया गया।

वहीं, उनकी निर्देशित फिल्मों में ‘फूल बने अंगारे’, ‘पुलिस और मुजरिम’, ‘इंसानियत के देवता’, ‘कुदरत का कानून’ और खास तौर पर ‘आज का अर्जुन’ शामिल हैं। उन्होंने ‘पाप का अंत’ फिल्म को सह-निर्माता के रूप में भी बनाया।

केसी बोकाडिया ने बॉलीवुड के लगभग सभी बड़े सितारों के साथ काम किया। राजेश खन्ना, जीतेंद्र, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, धर्मेंद्र, रजनीकांत, मिथुन चक्रवर्ती, विनोद खन्ना, गोविंदा, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, सलमान खान, शाहरुख खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार और सनी देओल जैसे सुपरस्टार्स उनकी फिल्मों में नजर आए। उन्होंने कई कलाकारों के करियर को नई दिशा देने में भी मदद की।

निर्देशक का नाम अमिताभ बच्चन के साथ खास तौर पर जुड़ा है। 1980 के अंत और 1990 के शुरुआत में जब अमिताभ बच्चन बोफोर्स विवाद में फंसे थे और उन पर झूठे आरोप लग रहे थे, तब बहुत से लोग उनके प्रोजेक्ट्स से दूर हो गए थे। उस मुश्किल वक्त में केसी बोकाडिया ने उनका साथ नहीं छोड़ा। ‘आज का अर्जुन’ फिल्म उसी दौर में बनी थी। अमिताभ ने बाद में बताया था कि कोर्ट में केस जीतने के बाद सबसे पहले केसी बोकाडिया ही उनसे मिलने आए थे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ जया प्रदा मुख्य भूमिका में थीं।

केसी बोकाडिया की फिल्में ज्यादातर परिवार, प्यार, इंसानियत और न्याय जैसे विषयों पर आधारित होती थीं। उनकी कहानियां आम लोगों से जुड़ी होती थीं और अलग कॉन्सेप्ट के कारण दर्शकों को खूब पसंद आती थीं। उनका आखिरी निर्देशन काम 2019 में तमिल फिल्म ‘रॉकी: द रिवेंज’ में हुआ था, जिसमें श्रीकांत और नासिर जैसे कलाकार थे। इसके बाद से उन्होंने कोई नई फिल्म निर्देशित नहीं की है।

Leave feedback about this

  • Service