February 10, 2026
Entertainment

आमिर खान ने अरिजीत सिंह को कहा ‘शुक्रिया’, फिल्म ‘एक दिन’ में सुरों का जादू बिखेरेंगे सिंगर

Aamir Khan thanks Arijit Singh for singing in the film ‘Ek Din’

10 फरवरी । बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने हाल ही में प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात की खास तस्वीर उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फिल्म ‘एक दिन’ में गाना गाने के लिए अरिजीत का आभार व्यक्त किया।

आमिर ने इंस्टाग्राम पर अरिजीत के साथ तस्वीर पोस्ट की। इस फोटो में आमिर खान और अरिजीत सिंह एक गाने पर जैमिंग (जैम सेशन) करते नजर आ रहे हैं। अरिजीत गिटार लिए हुए हैं और दोनों बातचीत करते भी दिख रहे हैं।

अभिनेता ने लिखा, “अरिजीत, हमारी फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी शानदार आवाज देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। आपके परिवार और आपकी टीम के साथ बिताए चार दिन जादुई लगे।”

आमिर की पोस्ट फैंस के दिल को भा गई। वे कयास लगा रहे हैं कि यह मुलाकात अरिजीत के प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा के कुछ दिनों बाद हुई।

आमिर खान फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘एक दिन’ के लिए अरिजीत ने गाया है। हालांकि, गाने की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

यह एक रोमांटिक फिल्म है, जो 1 मई को रिलीज होने वाली है। अरिजीत की आवाज इस फिल्म के म्यूजिक में खास रंग भरने वाली है। फिल्म ‘एक दिन’ का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। इसे आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।

कुछ समय पहले फिल्म की जानकारी देते हुए निर्माताओं ने इसका टीजर जारी किया था। फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद मुख्य भूमिका में हैं, और उनके साथ साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस साई पल्लवी नजर आएंगी। इसकी कहानी प्यार, सपनों और जज्बातों से भरी हुई दिखाई गई है।

टीजर में जुनैद और साई पल्लवी की जोड़ी और उनकी केमिस्ट्री को खूब सराहा गया था, जिसके बाद फैंस अभिनेत्री को हिंदी सिनेमा में देखने के लिए बेताब हैं।

अरिजीत के संन्यास की घोषणा के बाद कुछ फिल्मों में उनकी आवाज को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं, जिनमें ‘बैटल ऑफ गलवान’, ‘ओ रोमियो’, और अब ‘एक दिन’ शामिल हैं। हालांकि, आमिर खान की इस फिल्म का गाना अभी रिलीज नहीं हुआ है।

Leave feedback about this

  • Service