February 13, 2026
National

पंजाब : हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब में ‘होला मोहल्ला’ उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया

Punjab: Harjot Singh Bains reviews preparations for ‘Hola Mohalla’ festival in Sri Anandpur Sahib

13 फरवरी । पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब में ‘होला मोहल्ला’ उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उत्सव की तैयारियों की जानकारी साझा की। मंत्री ने बताया कि उन्होंने रूपनगर (रोपड़) जिले के प्रशासन के साथ मिलकर उत्सव स्थल का निरीक्षण किया। ‘होला मोहल्ला’ सिख समुदाय का एक प्रमुख त्योहार है, जिसकी शुरुआत दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी ने की थी।

यह उत्सव होली के ठीक बाद मनाया जाता है और इसमें सिखों की शौर्य, युद्ध कौशल और भक्ति का प्रदर्शन होता है। नीलकंठ साहिब और तख्त श्री केसगढ़ साहिब जैसे पवित्र स्थलों पर लाखों श्रद्धालु (संगत) इकट्ठा होते हैं। यहां गतका प्रदर्शन, नकली युद्धाभ्यास, शस्त्र प्रदर्शन, कीर्तन और विशाल लंगर का आयोजन होता है। यह त्योहार सिख इतिहास की गौरवशाली परंपरा को जीवंत रखता है।

मंत्री बैंस ने पोस्ट में लिखा, “रूपनगर के डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के साथ श्री आनंदपुर साहिब में ‘होला मोहल्ला’ की तैयारियों का रिव्यू किया। टेंट सिटी, ट्रॉली सिटी, पार्किंग जोन, शटल बसें, ई-रिक्शा, पैदल चलने वालों के रास्ते और भीड़ को मैनेज करने के पूरे इंतजाम की अच्छी तरह से जांच की गई।”

उन्होंने जोर दिया कि आसान ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई और तख्त श्री केसगढ़ साहिब आने वाली संगत को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। हर व्यवस्था में अनुशासन, भक्ति और सम्मान झलकेगा।

प्रशासन ने उत्सव को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। टेंट सिटी और ट्रॉली सिटी में ठहरने की व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, शटल बस सेवाएं, ई-रिक्शा और पैदल मार्गों को सुनिश्चित किया गया है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष प्लान तैयार किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे पवित्र शहर की गरिमा बनी रहे।

बता दें कि ‘होला मोहल्ला’ 2026 में मार्च की शुरुआत में मनाया जाएगा, जब देशभर से और विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे। विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों।

Leave feedback about this

  • Service