18 फरवरी । महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन क्रैश मामले में सीबीआई जांच की मांग की। इस पर कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि डिप्टी सीएम ने सही मांग की है। अजित पवार के निधन मामले में यह जरूरी है कि सीबीआई जांच हो।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि अजित पवार का महाराष्ट्र में बहुत बड़ा योगदान रहा है। अचानक प्लेन क्रैश में उनकी जान चली जाती है तो उसकी जांच होनी ही चाहिए। जो सवाल उठ रहे हैं, उनके जवाब मिल पाएंगे।
कांग्रेस नेता नसीम खान ने महाराष्ट्र सरकार के मुसलमानों के लिए 5 प्रतिशत रिजर्वेशन खत्म करने के फैसले पर कहा कि देखिए, ऑर्डर, कोर्ट के निर्देश और जिस आधार पर सरकार ने यह फैसला किया है, उसे देखने के बाद हम सभी पहलुओं को एनालाइज करेंगे। डेमोक्रेटिक तरीके से जो भी सही कदम उठाने की जरूरत होगी, हम उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह रिजर्वेशन कांग्रेस सरकार ने 2014 में मुस्लिम समुदाय के अलग-अलग पिछड़े तबकों को पिछड़ेपन के आधार पर 5 प्रतिशत रिजर्वेशन देने के लिए तय किया था। इस बारे में एक ऑर्डिनेंस जारी किया गया था। बाद में मामला हाई कोर्ट में गया। कोर्ट ने देखा कि मुस्लिम समुदाय में कई तबके पिछड़े हैं। उन्हें मेनस्ट्रीम में लाने के लिए कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश दिया कि शिक्षा में उनका रिजर्वेशन जारी रहना चाहिए। सरकारी नौकरियों में रिजर्वेशन पर फैसला बाद में लिया जाएगा। फिर हमारी सरकार बदल गई। भाजपा की सरकार आने के बाद मुस्लिम समाज के पिछड़ेपन के आधार पर दिए आरक्षण को रद्द किया है, हम उसका विरोध और निंदा करते हैं।
नसीम खान ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि बंगाल की परिस्थिति अलग है। कांग्रेस पार्टी और हमारा हाईकमान इस पर आने वाले दिनों में निर्णय लेगा।


Leave feedback about this