February 21, 2026
Entertainment

बच्चों के साथ अनुपम खेर की मुलाकात बनी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, फैंस कर रहे तारीफ

Anupam Kher’s meeting with children became a topic of discussion on social media, fans are praising him.

21 फरवरी । मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी, ऊंची इमारतों और चमकती दुनिया के बीच कभी-कभी ऐसे छोटे पल सामने आ जाते हैं, जो दिल को छू जाते हैं। ऐसे ही खास पलों का एक वीडियो अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में अभिनेता सड़क किनारे मिले कुछ मासूम बच्चों के साथ वक्त बिताते नजर आ रहे हैं। उनके इस पोस्ट को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर कुछ छोटे बच्चों के साथ एक वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कीं। वीडियो में बच्चे बेहद खुश दिखाई दे रहे हैं और अपने हाथों में रंगीन पेंसिल के डिब्बे पकड़े हुए हैं। ये वही बच्चे हैं जिनसे अभिनेता की मुलाकात कुछ समय पहले वर्सोवा से मढ आईलैंड जाने वाली बोट पर हुई थी। उस पहली मुलाकात में बच्चों ने उनसे मासूमियत भरे अंदाज में रंग भरने वाली पेंसिलों की इच्छा जताई थी।

अनुपम खेर ने पोस्ट में कैप्शन में लिखा, “मेरे नए यंग दोस्तों से मिलिए। मुझे याद है कि मैं उनसे वर्सोवा-मढ आइलैंड जेट्टी (बोट) पर मिला था और उन्होंने मुझसे कलर पेंसिल बॉक्स मांगा था, तो मैंने अपनी कार रोकी और खुशी-खुशी उन्हें वह दिया जो वे चाहते थे। हम सब बहुत खुश थे।”

इस वीडियो में बच्चे अपना नाम और क्लास बताते हैं और कहते हैं कि वे अहमदाबाद से हैं। इसके बाद अनुपम खेर उनसे पहली मुलाकात के बारे में पूछते हैं, जिस पर बच्चे सही जवाब देते हुए कहते हैं कि वे उनसे बोट पर मिले थे और उन्होंने उनसे कलर पेंसिल बॉक्स मांगे थे।

इस वीडियो पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, ”इतने बड़े अभिनेता होकर भी अनुपम खेर का दिल आज भी बच्चों जैसा मासूम है।”

दूसरे यूजर ने लिखा, ”ऐसे कलाकार ही समाज के लिए असली प्रेरणा होते हैं, जो अपने नाम और पहचान से ऊपर इंसानियत को रखते हैं।”

अन्य यूजर्स ने कमेंट में लिखा, ”काश हर कोई सड़क पर मिलने वाले बच्चों की इच्छाओं को इतनी अहमियत दे पाता और ‘असली खुशी बड़े मंचों से नहीं, बल्कि इन बच्चों की मुस्कान से मिलती है।”

Leave feedback about this

  • Service