25 फरवरी । भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे को लेकर विपक्षी दलों की ओर से की जा रही प्रतिक्रियाओं की आलोचना की।
उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि जब हमारे प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर जा रहे हैं, और विपक्ष की ओर से प्रतिक्रियाएं हो रही हैं। मैं इसे अनुचित समझता हूं। मेरा सीधा-सा सवाल है कि जब कांग्रेस के शासनकाल में उनका कोई प्रधानमंत्री किसी विदेश दौरे पर जाता था, तो क्या उस पर किसी भी प्रकार के सवाल उठाए जाते थे। लेकिन, आज यह अफसोस की बात है कि जब हमारे प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर जा रहे हैं, तो उसे लेकर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि अब अगर आपको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे को लेकर सवाल ही करना है, तो संसद में कीजिएगा। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपको आपके हर सवाल का जवाब से मिलेगा।
इसके अलावा, उन्होंने पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह विचित्र बात है। पहले ये लोग भारत में रहकर फतवे जारी किया करते थे। अब विदेश नीति पर भी ज्ञान देने लगे हैं।
वहीं, केरल का नाम ‘केरलम’ कर दिया गया है। इस पर भी भाजपा प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि केरल एक बहुसांस्कृतिक वाला सूबा है, जहां पर हमें विभिन्न प्रकार की संस्कृति देखने को मिलती है। ऐसी स्थिति में अगर उसका नाम केरल से केरलम कर दिया गया है, तो मैं समझता हूं कि हमें उसका स्वागत करना चाहिए और वैसे भी अगर हम देखें, तो केरल को केरलम बोलने में ज्यादा आनंद की अनुभूति प्राप्त होती है।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कल तक जो कांग्रेस सत्ता में रहते हुए खुद को ‘खिलाड़ी’ समझती थी, आज वो खुद को ‘अनाड़ी’ महसूस कर रही है। आज की तारीख में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निर्वहन करने में अक्षम है।
उन्होंने हाल ही में इंडिया इंपैक्ट समिट कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विपक्ष में रहने की आदत नहीं है। इसी वजह से इन लोगों को यह नहीं मालूम है कि कैसे विरोध प्रदर्शन किया जाता था। मेरा कांग्रेस को सुझाव रहेगा कि वो अपने साथी समाजवादी पार्टी से विरोध प्रदर्शन के संबंध में बाकायदा प्रशिक्षण ले लें। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे उन्हें आगामी दिनों में किसी भी मुद्दे के विरोध में प्रदर्शन के दौरान काफी आसानी होगी, जिस प्रकार से अभी उन्हें किरकिरी का सामना पड़ा है, मुझे पूरा विश्वास है कि आगे से उन्हें नहीं करना होगा।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मौजूदा समय कांग्रेस को यह नहीं मालूम है कि कैसे विरोध प्रदर्शन किया जाए, कैसे इसकी पूरी रूपरेखा तैयार की जाए। इसी वजह से ये लोग बार बार हंसी का पात्र बन जा रहे हैं। इसके इतर, मैं एक और विषय पर इनका ध्यान दिलाना चाहूंगा कि कांग्रेस और नफरत और नाराजगी के बीच में भेद का अंतर मालूम नहीं है। कांग्रेस की प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जो नाराजगी है, वो नफरत में तब्दील हो चुकी है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।


Leave feedback about this