March 5, 2026
National

झारखंड के पाकुड़ में होली के दिन युवक की धारदार हथियार से हत्या

A young man was murdered with a sharp weapon on Holi in Pakur, Jharkhand.

5 मार्च । झारखंड के पाकुड़ जिले में होली के दिन एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा गांव में बुधवार शाम 40 वर्षीय देवराज सरकार की उनके घर के पास धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।

घटना के वक्त उनके पिता भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस के अनुसार देवराज सरकार दोपहर बाद दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौटे थे। शाम करीब चार बजे वह अपने घर के पास खड़े थे, तभी 8 से 10 युवकों का एक समूह वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने देवराज पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि हमला उनके सामने हुआ।

उन्होंने हमलावरों से बेटे को छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। उन्होंने आसपास के लोगों से भी मदद मांगी, परंतु भय के कारण कोई हस्तक्षेप नहीं कर सका।

घायल देवराज को परिजन तत्काल सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान हो गई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि देवराज का किसी के साथ कोई गंभीर विवाद नहीं था। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Leave feedback about this

  • Service