March 5, 2026
National

होली पर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, जगह-जगह चेकिंग और चालान अभियान

Tight security in Delhi on Holi, checking at various places and challan drive

4 मार्च । रंगों के पर्व होली के उत्साहपूर्ण माहौल के बीच राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने बुधवार को व्यापक और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की।

पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया।

इस दौरान काले रंग के शीशे लगे वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही चालान काटे गए।

पश्चिम विहार इलाके में शांतिपूर्ण उत्सव सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की।

उन्होंने अधिकारियों और जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए मिठाई बांटी और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके प्रयासों की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी।

दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र में भी इसी तरह की सख्त निगरानी देखने को मिली। यहां पुलिस टीमों ने विशेष रूप से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया।

गहरे रंग के शीशे वाले वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया गया।

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई। पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, एक बाइक पर तीन या उससे अधिक सवार बैठाने वालों तथा अन्य नियमों की अनदेखी करने वालों को रोका।

जिन वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले, उनके वाहन मौके पर ही जब्त कर लिए गए। शकरपुर थाना क्षेत्र में लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास भी व्यापक जांच अभियान चलाकर कई चालान जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य त्योहार के दौरान दुर्घटनाओं को रोकना और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।

होली से एक दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी थी। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया, सीमाओं पर जांच बढ़ाई गई और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।

पुलिस ने घोषित शराब तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ निवारक कार्रवाई भी की थी। साथ ही, पिछले वर्ष की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय सुरक्षा समितियों के साथ बैठकें आयोजित कर रणनीति तैयार की गई थी।

रंगों का त्योहार होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। राजधानी में लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और शुभकामनाएं देकर उत्सव मनाया।

वहीं, दिल्ली पुलिस की सतर्क मौजूदगी ने यह सुनिश्चित किया कि खुशियों का यह पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।

Leave feedback about this

  • Service