March 9, 2026
National

गैरसैंण में बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस और सफाई कर्मियों से की मुलाकात

Before the budget session in Gairsain, Chief Minister Dhami met with police and sanitation workers.

9 मार्च । उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफाई कर्मियों, पुलिस के जवानों तथा विधानसभा सत्र के सफल संचालन में अपना योगदान दे रहे अन्य कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी से संवाद करते हुए उनका हालचाल भी जाना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह गैरसैंण में भ्रमण के लिए निकले। इसी दौरान उन्होंने विधानसभा सत्र ड्यूटी में तैनात पुलिस के जवानों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका उत्साहवर्धन भी किया। इसके बाद सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों से मुलाकात की।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर खास मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की हैं। वे जिम के अंदर एक्सरसाइज करते हुए नजर आए। उन्होंने भगवान सूर्य को भी नमस्कार किया।

इससे पहले, पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गैरसैंण में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर मंत्रियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मुलाकात की। इस अवसर पर विधानसभा बजट सत्र से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, वे गैरसैंण में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी मिले।

सीएम धामी ने रविवार को गैरसैंण पहुंचने के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र से पहले यहां पहुंचने पर स्थानीय जनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। निश्चित तौर पर यह बजट सत्र प्रदेश के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णयों का मार्ग प्रशस्त करेगा।”

बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सत्र की शुरुआत राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के अभिभाषण से होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे।

Leave feedback about this

  • Service