March 9, 2026
National

कानपुर में सेल्समैन हत्याकांड का एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

An accused in the Kanpur salesman murder case was arrested in an encounter.

9 मार्च । कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपियों में शामिल एक युवक को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन की हत्या के मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 25 फरवरी की है, जब कानपुर के बिधनू क्षेत्र के भवानीपुर स्थित देशी शराब के ठेके पर कार्यरत सेल्समैन उदय सिंह की मारपीट के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिधनू में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसीपी घाटमपुर के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं, जो लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस टीम बिधनू-सचिनडी मार्ग पर सोमवार को चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी छोटू उर्फ निसार निवासी फतेहपुर गोली लगने से घायल हो गया। ।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से तमंचा और बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से लूट व चोरी के करीब छह मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।

डीसीपी दिपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि भवानीपुर गांव में देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन की मौत के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ में उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी मिली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave feedback about this

  • Service