9 मार्च । हिंदी सिनेमा की चर्चित सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म ‘शैतान’ को रिलीज हुए दो साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके को फिल्म के मुख्य अभिनेता अजय देवगन ने अलग अंदाज में सेलिब्रेट किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एआई से तैयार किया गया वीडियो साझा किया, जिसने एक बार फिर फिल्म की डरावनी दुनिया की याद ताजा कर दी।
अजय देवगन के पोस्ट किए गए वीडियो में एक दिलचस्प सीन दिखाई देता है। वीडियो में वह भीड़ के बीच से चलते हुए दिखाई देते हैं। सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन जैसे ही वह आगे बढ़ते हैं, अचानक भीड़ के बीच उन्हें वही खतरनाक शख्स दिखाई देता है, जिसने फिल्म में उनके परिवार की जिंदगी को उलट-पुलट कर दिया था। यह किरदार आर. माधवन का है।
वीडियो में फिल्म के खलनायक के रूप में नजर आए आर. माधवन का किरदार भी नजर आता है। इस सीन को देखने के बाद लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि फिल्म की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। इस फिल्म का सेकंड पार्ट जरूर आएगा।
अजय देवगन ने इस पोस्ट के जरिए मजाकिया अंदाज में लिखा, ”शैतान और उसके लड्डू पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। ‘शैतान’ के दो साल।” फिल्म की कहानी की बात करें तो, इसमें लड्डू एक अहम हिस्सा है, जिसके जरिए खलनायक एक खतरनाक खेल शुरू करता है।
‘शैतान’ एक ऐसे परिवार की कहानी है जिसकी शांत जिंदगी अचानक एक रहस्यमयी व्यक्ति के कारण उथल-पुथल हो जाती है। फिल्म में अजय देवगन एक जिम्मेदार पिता की भूमिका निभाते हैं। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ एक फार्महाउस पर छुट्टियां मनाने जा रहे होते हैं। रास्ते में उनका परिवार एक ढाबे पर रुकता है, जहां उनकी मुलाकात एक अजनबी यानी आर. माधवन के किरदार से होती है।
आर. माधवन अजय देवगन की जिंदगी में तूफान ले आता है। वह उनकी बेटी को अपने वश में कर लेता है और फिर उनके फार्महाउस तक पहुंच जाता है। इसके बाद कहानी में डर और तनाव का माहौल बनता है।
आर. माधवन का किरदार परिवार के सामने अजीब और डरावनी शर्तें रखता है। वह चाहता है कि अजय देवगन और उनकी पत्नी खुद अपनी बेटी को उसके साथ जाने की अनुमति दें। इस दौरान वह अपनी रहस्यमयी शक्तियों का इस्तेमाल करता है और परिवार को मानसिक रूप से परेशान करता रहता है। उसकी हर हरकत परिवार के लिए एक नई मुसीबत बन जाती है।
कहानी का मुख्य संघर्ष यही है कि एक पिता अपनी बेटी को बचाने के लिए किस हद तक जा सकता है और वह उस खतरनाक खलनायक से किस तरह मुकाबला करता है।


Leave feedback about this