March 13, 2026
National

मुंबई : कबाड़ बेचने के पैसों के विवाद ने ली युवक की जान, दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

Mumbai: A dispute over money for selling scrap claimed the life of a young man; police arrested two accused.

13 मार्च । मुंबई की वनराई पुलिस ने एक बेघर कबाड़ बीनने वाले की कथित हत्या के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में से एक हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत (रिमांड) में भेज दिया गया है।

वनराई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गोरेगांव हनुमान टेकरी के पास एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उस व्यक्ति को इलाज के लिए जोगेश्वरी ईस्ट के ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे चेक करते ही मृत घोषित कर दिया।

वनराई पुलिस ने शुरुआत में एडीआर के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि, पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें देखने के बाद पुलिस को शक हुआ। मृतक के पास पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं थे, इसलिए कुछ समय तक उसकी पहचान अज्ञात ही रही।

पीड़ित की पहचान करने के लिए पुलिस ने दो टीमें बनाईं और गोरेगांव-दहिसर इलाके में लगभग 50 से 70 कबाड़ चुनने वालों को मृतक की तस्वीरें दिखाईं। उनमें से कुछ लोगों ने उस व्यक्ति की पहचान ‘अजहर’ के रूप में की जो दो अन्य लोगों, सुरेश उर्फ ​​कालिया और सलीम उर्फ ​​नेपाली के साथ मिलकर कबाड़ इकट्ठा करने का काम करता था। इस घटना के बाद से ही ये दोनों गायब हो गए थे।

अस्पताल से मिली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने इस बात की पुष्टि कर दी कि पीड़ित की मौत हमले से लगी चोटों के कारण हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने सुरेश उर्फ ​​कालिया का हरियाणा से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपने साथी सलीम उर्फ ​​नेपाली के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। कबूलनामे के बाद दूसरे आरोपी सलीम उर्फ ​​नेपाली को मलाड के पठानवाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि कबाड़ बेचने से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अजहर के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।

Leave feedback about this

  • Service