13 मार्च । ‘मधुमति’ और ‘फसल’ फिल्मों से पहले ही दर्शकों के दिलों पर राज कर रही आम्रपाली दुबे ने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीता है।
पारिवारिक और रिश्ते के बदले रंग को दिखाती उनकी अपकमिंग फिल्म ‘स्वर्ग से प्यारा घर हमारा’ का शानदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर को देखकर फैंस का कहना है कि हर घर में आम्रपाली जैसी बहू ही होनी चाहिए।
भोजपुरी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे की नई फिल्म ‘स्वर्ग से प्यारा घर हमारा’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसी सास के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका घर में एकाधिकार चलता है और वह अपनी बहुओं को अपने नियंत्रण में रखती है। हालांकि, आम्रपाली का किरदार काफी सशक्त दिखाया गया है, जो घर में प्रवेश करते ही सास के वर्चस्व को चुनौती देता नजर आता है। फिल्म में मुख्य मोड़ ससुर के निधन के बाद आता है, जब समय का चक्र बदलते ही अन्य बहुएं सास पर अत्याचार करना शुरू कर देती हैं। ऐसे में पुरानी कड़वाहट को भुलाकर आम्रपाली अपनी सास के ढाल की तरह खड़ी होती हैं और उन्हें सम्मान वापस दिलाने का बीड़ा उठाती हैं।
फिल्म में एक ही जीवन के बदलते दो पहलुओं को दिखाया गया है, जहां गुस्सा होने के साथ-साथ मुसीबत आने पर एकजुटता भी दिखाई गई है। फिल्म का ट्रेलर पारिवारिक है और दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।
फिल्म में आम्रपाली के अलावा,अंशुमान सिंह, श्रद्धा नवल, प्रकाश जैस, विनोद मिश्रा, श्वेता वर्मा, निशा सिंह और उमाकांत राय भी है और हर किसी का किरदार शानदार है। फिल्म का निर्देशन प्रवीण कुमार गुदुरी ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण वर्ल्ड वाइड फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रदीप सिंह और प्रतीक सिंह ने किया है। ‘स्वर्ग से प्यारा घर हमारा’ की रिलीज डेट अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं बल्कि टीवी पर रिलीज किया जाएगा।
हाल ही में आम्रपाली की ‘मधुमति’ ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘स्टेज’ पर रिलीज की गई है, और दर्शक फिल्म पर खुलकर प्यार लुटा रहे हैं।


Leave feedback about this