March 14, 2026
National

राज्यसभा चुनाव के लिए हरियाणा में भाजपा की बड़ी तैयारी, ट्रेनिंग के लिए बस से होटल ले जाए गए सभी विधायक

BJP in Haryana gears up for Rajya Sabha elections, all MLAs taken to hotel by bus for training

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी तैयारी की है। सभी 47 विधायकों को एक बस में बैठाकर चंडीगढ़ के सेक्टर 35 स्थित एक निजी होटल में ले जाया गया, जहां उन्हें राज्यसभा चुनाव से पहले वोटिंग के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडोली बस में सभी 47 विधायकों को लेकर रवाना हुए। भाजपा विधायकों के अलावा कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी रवाना हुए। मोहन लाल बडोली ने आईएएनएस से कहा, “एक छोटा सा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें यह समझाया जाएगा कि (राज्यसभा चुनावों के लिए) वोटिंग की पूरी प्रक्रिया कैसे होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक यहीं मौजूद हैं।”

वहीं, हरियाणा के मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, “हम कहीं नहीं जा रहे हैं। हम चंडीगढ़ में ही हैं। हम तो बस ट्रेनिंग के लिए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि 16 मार्च को मतदान करना है, इसलिए हर विधायक को चुनाव प्रक्रिया का पता होना चाहिए। एक छोटी से गलती नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए सभी विधायकों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

नलवा विधानसभा से विधायक रणधीर पनिहार ने कहा, “सभी विधायक एकजुट हैं। हमें कुछ देर पहले ही जानकारी दी गई थी और इसके बाद सभी विधायक एकजुट हुए हैं।” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी डरी हुई है। लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती है। भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है और अपने विधायकों पर भी भरोसा करती है।”

वहीं, भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए हरियाणा में अहम नियुक्तियां की हैं। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को चुनाव एजेंट बनाया गया है, जबकि कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा और विधायक योगेंद्र राणा को काउंटिंग एजेंट नियुक्त किया है। पार्टी प्रतिनिधि और पार्टी एर्जेंट के तौर पर खेल मंत्री गौरव गौतम और विधायक सुनील सांगवान को जिम्मेदारी दी गई है।

बता दें कि हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिसके बाद मतदान कराए जाने हैं। 16 मार्च को वोटिंग होगी। भाजरी की ओर से संजय भाटिया और कांग्रेस की ओर से कर्मवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।

Leave feedback about this

  • Service