March 21, 2026
Entertainment

तेलंगाना गद्दर फिल्म अवॉर्ड्स में रश्मिका का जलवा, राज्य स्तर का सम्मान पाकर हुईं भावुक

Rashmika dazzles at Telangana Gaddar Film Awards, gets emotional after receiving state-level honour

21 मार्च । अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने तेलुगु फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ के लिए ‘तेलंगाना गद्दर फिल्म अवॉर्ड्स’ में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया। शुक्रवार को अभिनेत्री ने अवॉर्ड मिलने की खुशी फैंस के साथ जाहिर की।

अभिनेत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अवॉर्ड के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं। कुछ तस्वीरों में रश्मिका की सास, विजय देवरकोंडा की मां, भी नजर आ रही हैं। विजय की मां हाथ में अवॉर्ड लिए हुए हैं, तो रश्मिका उन्हें प्यार से गले लगाए हुए हैं। उनका लुक काफी एलिगेंट लग रहा है। तस्वीरें देख रश्मिका की खुशी साफ झलक रही है।

अभिनेत्री ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “बचपन में जब मैं किसी को राज्य स्तर पर अवॉर्ड जीतते देखती थी, तो उन्हें देखकर सुपरस्टार जैसा लगता था। मैं सोचती थी कि उन्होंने यह सम्मान कैसे हासिल किया होगा और उनका दिन कैसा होता होगा, लेकिन अब राज्य स्तर का अवॉर्ड मिलने पर वो खुशी का एहसास हो रहा है। मुझे गर्व, खुशी और संतोष तीनों का अनुभव हो रहा है।”

अभिनेत्री ने कहा कि यह साल उनकी जिंदगी के लिए बहुत खूबसूरत शुरुआत है। उन्होंने लिखा, “तेलंगाना में इस तरह का सम्मान मिलना इसे और भी खास बना देता है। इस अवॉर्ड के लिए टीजीएफए का दिल से शुक्रिया। साथ ही श्री कला सुधा तेलुगु एसोसिएशन को भी धन्यवाद।”

उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर राहुल रविंद्रन का भी विशेष आभार जताया। रश्मिका ने लिखा, “राहुल ने ‘द गर्लफ्रेंड’ को जिस तरह बनाया, वह बहुत खास है। मैं हमेशा कहती हूं कि यह तो बस शुरुआत है।”

गद्दर फिल्म अवॉर्ड्स तेलंगाना सरकार द्वारा 2025 में स्थापित वार्षिक तेलुगु फिल्म पुरस्कार हैं, जो प्रसिद्ध लोक गायक और कवि गद्दर को समर्पित हैं।

यह अवॉर्ड सेरेमनी 19 मार्च को आयोजित की गई थी। इसमें रश्मिका मंदाना (सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री) और नागा चैतन्य (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) सहित कई अन्य कलाकारों को सम्मानित किया गया।

वहीं, फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ साल 2025 में रश्मिका के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। यह फिल्म एक ऐसी महिला की कहानी दिखाती है, जो एक नियंत्रण करने वाले साथी के साथ रिश्ते में फंस जाती है। फिल्म में रश्मिका और धीक्षित शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। दर्शकों ने दोनों के अभिनय को काफी सराहना की थी। हालांकि, रश्मिका के अभिनय को ज्यादा तारीफ सुनने को मिली थी।

Leave feedback about this

  • Service