March 27, 2026
National

नोएडा: साइबर पुलिस ने बीते 3 सालों में धोखाधड़ी करने वाले 1692 लोगों को किया गिरफ्तार

Noida: Cyber ​​police arrested 1692 fraudsters in the last 3 years.

27 मार्च । गौतमबुद्ध नगर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस द्वारा बीते तीन वर्षों में व्यापक कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 27 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर कॉल और लोन ऐप फ्रॉड समेत विभिन्न साइबर अपराधों का सफल खुलासा किया गया है।

इस दौरान कुल 1692 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और गुजरात जैसे कई राज्यों से अभियुक्तों को पकड़ा गया है, जो इस नेटवर्क की व्यापकता को दर्शाता है। साइबर क्राइम पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अब तक 139 करोड़ 54 लाख 11 हजार 170 रुपये की ठगी की रकम को फ्रीज कराया गया है।

वहीं, बड़ी राहत देते हुए 68 करोड़ 37 लाख 48 हजार 484 रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस भी कराई गई है। यह उपलब्धि साइबर अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए साइबर अपराधों की निगरानी, विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही आम जनता को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। जनजागरूकता अभियानों, सोशल मीडिया, कार्यशालाओं और साइबर सुरक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को लगातार सचेत किया जा रहा है।

इन अभियानों में नागरिकों को बताया जा रहा है कि वे अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सावधान रहें। विशेष रूप से “डिजिटल अरेस्ट” और निवेश से जुड़े लालच वाले ऑफर्स से बचने की सलाह दी जा रही है। लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि वे अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें और केवल अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave feedback about this

  • Service