March 30, 2026
National

‘श्यामजी कृष्ण वर्मा के जीवन से मिलती है साहस और हौसले की प्रेरणा’, पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने किया नमन

“Shyamji Krishna Varma’s life inspires courage and determination,” PM Modi pays tribute on his death anniversary.

30 मार्च । महान स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने कहा कि उनका जीवन और आदर्श देश की हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारत माता के वीर सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। उन्होंने अपने क्रांतिकारी विचारों से आजादी के आंदोलन में नई चेतना जगाई थी। उनका जीवन और आदर्श देश की हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा के जीवन से हमें साहस और हौसले की अद्भुत प्रेरणा मिलती है। यह देशवासियों में राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की भावना भी भरता है।”

इस अवसर पर उन्होंने एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया, जिसमें लिखा, “विचित्रचरितोल्लेखचमत्कारितचेतनम्। प्राप्यते किं यशः शुभ्रमनङ्गीकृत्य साहसम्॥” ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, “विलक्षण कार्यों के वर्णन से मन को चमत्कृत करने वाला उज्ज्वल यश केवल साहस को धारण करने से ही प्राप्त किया जाता है।”

केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी श्यामजी कृष्ण वर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “क्रांतिकारी गतिविधियों के माध्यम से भारत की आजादी के संकल्प को गतिशील करने वाले महान क्रांतिकारक श्यामजी कृष्ण वर्मा कई क्रांतिकारियों के प्रेरणास्रोत थे। उनके स्मृति दिवस पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पोस्ट किया, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए उनका त्याग, समर्पण और क्रांतिकारी विचार सदैव देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट में लिखा, “विदेशी धरती पर स्वतंत्रता संग्राम की अलख जगाने वाले श्यामजी कृष्ण वर्मा का जीवन अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उनके विचार, साहस और मातृभूमि के प्रति असीम समर्पण सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।”

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “महान स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने विदेश की धरती पर रहकर भी भारत की आजादी की अलख जगाई, क्रांतिकारियों को संगठित किया और ‘इंडिया हाउस’ के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनका राष्ट्रप्रेम, साहस और त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

Leave feedback about this

  • Service