March 30, 2026
Entertainment

‘धुरंधर 2’ में राकेश बेदी की एक्टिंग के मुरीद हुए अशोक पंडित, ‘स्टेडियम के बाहर छक्का’ लगाने के लिए दी बधाई

Ashoke Pandit admires Rakesh Bedi’s performance in ‘Dhurandhar 2’, congratulates him for hitting a ‘six outside the stadium’

29 मार्च । आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर 2’ में शानदार अभिनय कर छाए राकेश बेदी की जमकर तारीफ हो रही है। उनके जमील जलाली किरदार को आमजन के साथ ही सितारों का भी प्यार मिल रहा है। राकेश बेदी की तारीफ करने वाले सितारों की सूची में फिल्म निर्माता व सोशल एक्टिविस्ट अशोक पंडित का भी नाम जुड़ चुका है।

अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर अपने पुराने दोस्त और सह-अभिनेता राकेश बेदी को बधाई देते हुए एक भावुक पोस्ट किया है। फिल्म धुरंधर 2 में रणवीर सिंह के साथ राकेश बेदी के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए अशोक पंडित ने उन्हें ‘स्टेडियम के बाहर छक्का’ लगाने की बधाई दी।अशोक पंडित ने लिखा, “प्रिय राकू (मैं राकेश बेदी को इसी नाम से बुलाता हूं) सबसे पहले, मास्टर डायरेक्टर आदित्य धर की कप्तानी में स्टेडियम के बाहर छक्का लगाने के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई।”

उन्होंने राकेश बेदी के लंबे फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एफटीआईआई से मुंबई आने के पहले दिन से ही उनकी सफलता को करीब से देखा है। ‘चश्मे बद्दूर’, ‘साथ-साथ’ जैसी फिल्मों और ‘ये जो है जिंदगी’, ‘फिल्मी चक्कर’ जैसे टीवी शो में साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए अशोक पंडित ने लिखा कि राकेश बेदी ने हर फिल्म में अपनी मौजूदगी का एहसास कराया। दृश्यों की संख्या उनके लिए कभी मायने नहीं रखी। उन्होंने राकेश बेदी के मंच प्रदर्शन और लेखन कौशल की भी प्रशंसा की।

अशोक पंडित ने राकेश बेदी की सकारात्मकता, मुस्कान, गले लगाने की आदत और हंसी को याद करते हुए कहा कि उनका मंत्र हमेशा सकारात्मकता और मुस्कान के साथ काम करते रहना रहा है। उन्होंने कहा, “मेरे दिल में कहीं न कहीं हमेशा यह एहसास था कि आप उस ऊंचाई तक पहुंचेंगे जहां आप अपनी प्रतिभा से दर्शकों को चौंका देंगे। अब वह दिन आ गया है, आज मीडिया रणवीर सिंह और राकेश बेदी स्टारर फिल्म की चर्चा कर रहा है। साथ ही, अशोक पंडित ने राकेश बेदी की पत्नी आराधना व बेटियों बेबी, रिद्धिमा को भी बधाई दी।

उन्होंने राकेश बेदी की सादगी, लगन, जुनून और पेशे के प्रति ईमानदारी की तारीफ करते हुए कहा कि इन गुणों पर पूरी एक किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने डायरेक्टर अदित्य धर, लोकेश धर और यामी गौतम को भी धन्यवाद दिया।

वहीं, राकेश बेदी ने इस पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा, “प्रिय अशोक, हम बहुत-बहुत पुराने दोस्त हैं। मैं तुम्हारी मां के उन स्नेहपूर्ण आलिंगनों और आशीर्वादों को कभी नहीं भूल सकता।”

राकेश बेदी ने कड़ी मेहनत और ईमानदारी का फल मिलने की बात कही और अशोक पंडित जैसे दोस्तों के समर्थन को याद किया।

Leave feedback about this

  • Service