April 2, 2026
National

बेंगलुरु में महिला टेक-कर्मी और उसके बेटे का शव मिला, जांच जारी

Bodies of woman tech worker and her son found in Bengaluru, investigation underway

2 अप्रैल । बेंगलुरु से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उनके 11 महीने के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतकों की पहचान प्रतिभा वाली और उनके छोटे बेटे के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें प्रतिभा ने इस दर्दनाक कदम के पीछे की वजह बताई है।

नोट के अनुसार, उनके बेटे की गलती से पानी से भरी बाल्टी में डूबने के कारण मौत हो गई थी और खुद को इसका जिम्मेदार मानते हुए उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

इस मामले में शिकायत प्रतिभा के पति महंतेश वाली ने दर्ज कराई है, जो पेशे से इंजीनियर हैं। यह परिवार पिछले चार साल से बेंगलुरु के बैरवेश्वरननगर इलाके में एक किराए के मकान में रह रहा था।

घटना वाले दिन यानी 1 अप्रैल को महंतेश सुबह अपने काम पर चले गए थे और प्रतिभा घर से ही ऑफिस का काम कर रही थीं। जब शाम को महंतेश वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी कोशिशों के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की के पास रखी दूसरी चाबी से घर खोला।

घर के अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था, क्योंकि प्रतिभा छत के हुक से साड़ी के फंदे पर लटकी हुई मिलीं। महंतेश ने यह भी देखा कि उनकी पत्नी की कलाई पर कटने के निशान थे और पास में खून भी बिखरा हुआ था। वहीं, उनका बेटा बिस्तर पर बेसुध पड़ा था, जिसे बाद में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में प्रतिभा ने अंग्रेजी में अपनी व्यथा लिखी थी कि वह अपने बच्चे को पानी में डूबने से बचा नहीं पाई और इसी आत्मग्लानि के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

प्रतिभा ने अपने सुसाइड नोट में बेहद भावुक होकर लिखा कि जब वह कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थीं, तभी उनका बच्चा खेलते हुए वॉश एरिया में चला गया और पानी से भरी बाल्टी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने खुद को बच्चे की मौत का जिम्मेदार मानते हुए लिखा कि वह उसे बचा नहीं पाईं और इसी ग्लानि में वह अपनी जान दे रही हैं।

घटनास्थल पर पुलिस को टैबलेट का एक खाली पत्ता भी मिला है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपनी जान देने से पहले उन्होंने इन दवाइयों का सेवन किया होगा। पुलिस का मानना है कि प्रतिभा ने पहले गोलियां खाकर और अपनी कलाई काटकर जान देने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service