April 3, 2026
National

झारखंडः खूंटी में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत

Jharkhand: Three children, including two brothers, drowned in a pond in Khunti.

3 अप्रैल । झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुफु बड़का टोली गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां एक तालाब में डूबने से तीन स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गुफु के छात्र थे और स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौटने के बजाय पास के ही एक तालाब की ओर खेलने चले गए थे। मृतकों की पहचान निमिसन गुड़िया (8 वर्ष, कक्षा 2), उसके बड़े भाई जइसन गुड़िया (10 वर्ष, कक्षा 3) और उनके साथी डेविड गुड़िया (6 वर्ष, कक्षा 1) के रूप में हुई है।

आशंका जताई जा रही है कि नहाने के क्रम में तीनों बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए, जिससे यह हादसा हुआ। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो निमिसन और जइसन की मां मेलानी गुड़िया उन्हें तलाशते हुए तालाब की ओर पहुंचीं। किनारे पर बच्चों के कपड़े और चप्पलें देख उनके होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण प्रवीण गुड़िया और लुकस गुड़िया ने तुरंत तालाब में छलांग लगाई।

काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे ने सुमन गुड़िया के परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दिया है, जिनके दोनों बेटों (निमिसन और जइसन) की इस घटना में मौत हो गई।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को मामले की सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की है।

Leave feedback about this

  • Service