April 4, 2026
National

नवी मुंबई में दो वाहनों में टक्कर, हादसे में सभी सुरक्षित

Two vehicles collide in Navi Mumbai, all safe in the accident

4 अप्रैल । नवी मुंबई के पाम बीच रोड पर शुक्रवार देर रात होंडा सिटी और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच टक्कर हुई। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार चालक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार को उसके मालिक ने मरम्मत के लिए स्थानीय गैरेज में दिया था। गैरेज के अनुसार, कुछ लोग बिना अनुमति के कार लेकर बाहर निकले और रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते समय यह हादसा हो गया। हादसे के समय कार में कौन-कौन सवार था, इसकी जानकारी अभी पुलिस जुटा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही नवी मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई गंभीर चोटिल नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पाम बीच रोड पर अक्सर वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसे की आशंका रहती है। वहीं, होंडा सिटी के चालक ने कहा कि वह अचानक सामने आई तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिजायर से टकराने से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कार अनियंत्रित होकर टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि अब उन्हें गैरेज के सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाके के लोगों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। स्विफ्ट डिजायर के चालक और अन्य सवारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आश्वस्त किया है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जगह लगे सीसीटीवी फुटेज को लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service