April 7, 2026
Entertainment

‘मंगल मुखी’ पहचान, हिम्मत और इंसाफ के सफर को दिखाती है : नमिष तनेजा

‘Mangalmukhi’ traces the journey of identity, courage and justice: Namish Taneja

7 अप्रैल । लोकप्रिय अभिनेता नमिष तनेजा आगामी वेब सीरीज ‘मंगल मुखी’ में नजर आएंगे। यह सीरीज ट्रांसजेंडर समुदाय के जीवन और उनके रोजमर्रा के संघर्षों पर आधारित क्राइम ड्रामा है।

तनेजा ने करियर में पहली बार किसी ट्रांसजेंडर के साथ काम किया है। सीरीज में उनके साथ एला डी वर्मा भी मुख्य भूमिका में हैं। नमिष ने अपने अनुभव को शेयर करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक नया और यादगार सफर रहा।

उन्होंने बताया, “ऐसा पहली बार हुआ है, जब मैं इस तरह की कहानी का हिस्सा बना हूं। साथ ही, यह भी पहली बार है, जब मैंने किसी ट्रांसजेंडर अभिनेता के साथ काम किया है।”

नमिष ने आगे कहा, “सच बताऊं तो यह अनुभव बहुत आरामदायक और सीखने वाला रहा। मैंने एला को पहले इंस्टाग्राम पर इन्फ्लुएंसर के रूप में देखा था। लेकिन, उनके साथ काम करने पर पता चला कि वे कितनी बेहतरीन अभिनेत्री हैं। अपनी भूमिका में वह बहुत गहराई और सच्चाई लाती हैं।”

शो के बारे में बात करते हुए नमिष तनेजा ने कहा कि ‘मंगल मुखी’ की सबसे अच्छी बात यह है कि यह उन चीजों को सामान्य बनाता है जो हमेशा से सामान्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “टैलेंट, भावनाएं और इंसानी जुड़ाव महिला-पुरुष से कहीं आगे होते हैं। इस सीरीज का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास रहा।”

‘मंगल मुखी’ हंगामा ओटीटी पर दिखाया जाएगा। इसमें नमिष तनेजा एक अहम भूमिका में हैं, साथ ही एला डी वर्मा और रति पांडे भी नजर आएंगी। यह कहानी पहचान, हिम्मत और इंसाफ के सफर को दिखाती है, जिसकी पृष्ठभूमि में वाराणसी और मुंबई के दो बिल्कुल अलग-अलग माहौल हैं।

यह सीरीज ‘मंगल मुखी’ के इर्द-गिर्द घूमती है। उत्तर प्रदेश की एक ट्रांसजेंडर पुलिस अफसर, जिसका उसके साथी लंबे समय से मजाक उड़ाते रहे हैं और उसके सीनियर उसे नजरअंदाज करते रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service