April 9, 2026
Entertainment

अर्जुन रामपाल ने लेडी लव गैब्रिएला पर लुटाया प्यार, खास वीडियो किया शेयर

Arjun Rampal showers love on his lady love Gabriella, shares a special video

9 अप्रैल । बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर : द रिवेंज’ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसी बीच, उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियड्स को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे गैब्रिएला और अपने बच्चों के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं। सब हंसते-खेलते नजर आ रहे हैं।

वीडियो के साथ अर्जुन ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो मेरी प्यारी गैब्री। इस साल और आने वाले हर साल तुम्हें ढेर सारा प्यार और खुशियां मिलें। जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

अर्जुन और गैब्रिएला लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रह रहे हैं। हालांकि, अभिनेता गैब्रिएला के साथ रिलेशनशिप से पहले मॉडल मेहर जेसिया के साथ शादी के बंधन में थे। दोनों ने 1998 में शादी की थी। इस शादी से दोनों को दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। शादी के 20 साल बाद अर्जुन रामपाल और मेहर ने तलाक ले लिया था। कपल की बेटियों की कस्टडी मेहर के पास है।

वहीं, साल 2018 में अर्जुन और गैब्रिएला की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। कुछ महीने के बाद दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे थे और साल 2019 में अर्जुन और गैब्रिएला ने अपने रिलेशन को कंफर्म किया था। गैब्रिएला ने जुलाई 2019 में बेटे एरिक को जन्म दिया था। इसके 4 साल बाद 2023 में गैब्रिएला ने दूसरे बेटे एरिव को जन्म दिया। छह साल के रिलेशनशिप के बाद कपल ने कुछ समय पहले सगाई कर ली और जल्द शादी कर सकते हैं।

गैब्रिएला डेमेट्रियड्स एक दक्षिण अफ्रीकी मॉडल, फैशन डिजाइनर और अभिनेत्री हैं। गैब्रिएला ने 16 साल की उम्र से मॉडलिंग करना शुरू कर दिया था। इसके बाद वे कई म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी हैं।

गैब्रिएला सिनेमा की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘सोनाली केबल’ और तेलुगु फिल्म ‘ओपिरी’ में काम किया है।

Leave feedback about this

  • Service