April 11, 2026
National

‘जो लोग कांग्रेस पार्टी को मानते हैं, वे बेवकूफ’, हुसैन दलवाई पर शिवसेना नेता शाइना एनसी की तीखी प्रतिक्रिया

Shiv Sena leader Shaina NC’s scathing retort to Hussain Dalwai: ‘Those who believe in the Congress party are fools’

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई के भाजपा समर्थकों के खिलाफ टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस पार्टी को मानते हैं, वे बेवकूफ हैं। ऐसे लोगों को अपने आप को सशक्त करने की जरूरत है।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने कथित तौर पर अपने एक बयान में कहा कि ‘जो वर्ग भाजपा को मानता है, वह बेवकूफ है’। इस पर आईएएनएस के सवाल का जवाब देते हुए शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, “जो लोग कांग्रेस पार्टी को मानते हैं, वो बेवकूफ हैं। जो लोग एनडीए के साथ हैं, वे पीएम मोदी का समर्थन केवल प्रगति और एक विकसित भारत के लिए करते हैं। इसलिए बेवकूफ को छोड़ दीजिए और कहीं न कहीं आप अपने आप को सशक्त कीजिए, ताकि आप हमारे पक्ष में आए।”

कांग्रेस की ‘महिला आरक्षण नहीं, परिसीमन असली मुद्दा है’ टिप्पणी पर शाइना एनसी ने कहा, “जब कोई ऐतिहासिक फैसला लिया जा रहा हो, तो विपक्ष का काम है कि वह उसका समर्थन करे। हमने महिला सशक्तिकरण के लिए 27 साल इंतजार किया है। चाहे वह परिसीमन हो, कोटा हो या उप-कोटा, इन सभी पर संसद में चर्चा होगी। लेकिन सबसे पहले आपका विश्वास क्या है? आपकी विचारधारा क्या है? कांग्रेस पार्टी को यह बात साफ करनी चाहिए।”

पश्चिम बंगाल में भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए वादों पर शाइना एनसी ने कहा, “एनडीए का एक ही एजेंडा है और वो विकास का एजेंडा है। एम्स, आईआईटी या एयरपोर्ट के क्षेत्र में प्रगति हुई है। दूसरी ओर, अगर आप टीएमसी की बात करें, तो ‘जंगल राज’ है, जहां सिर्फ अराजकता है और कोई प्रगति नहीं।”

उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत दौरे को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। शाइना एनसी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमेशा कूटनीतिक संबंधों को बढ़ावा दिया है और उनका मानना ​​रहा है कि दुनिया भर के देशों के साथ हमारे संबंध अच्छे होने चाहिए। भारत-अमेरिका संबंध एक ऐसा विषय है जिसके लिए हमारी सरकार हमेशा तत्पर रही है। चाहे विक्रम मिश्रा हों या प्रधानमंत्री, बातचीत ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। और हम संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ होने वाली इस बातचीत का स्वागत करते हैं।”

Leave feedback about this

  • Service