April 15, 2026
Entertainment

‘चिरैया’ की सफलता से गदगद हुईं दिव्या दत्ता, सोशल मीडिया पर फैंस का जताया आभार

Divya Dutta is overwhelmed with the success of ‘Chiraiya’, expresses gratitude to fans on social media.

15 अप्रैल । अभिनेत्री दिव्या दत्ता अपने शानदार अभिनय से दर्शकों में खास पहचान रखती हैं। वे ज्यादातर ऐसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा होती हैं, जो समाज की कुरीतियों और गंभीर मुद्दों पर रोशनी डालती है। इसी कड़ी में वह हाल ही में वेब सीरीज ‘चिरैया’ में नजर आई थीं।

ओटीटी पर स्ट्रीम होने के बाद सीरीज को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसे देखते हुए अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने फिल्म का पोस्टर शेयर कर लिखा, “हमारे दर्शकों का इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन लोगों को यह सीरीज पसंद आई और जिनसे यह जुड़ गई और जिन्होंने इसे अपना प्यार दिया। उन सभी को तहे दिल से शुक्रिया।”

छह एपिसोड वाली हिंदी ड्रामा वेब सीरीज वैवाहिक दुष्कर्म और पितृसत्तात्मक दबाव के गंभीर विषय पर आधारित है। सीरीज के जरिए निर्देशक शशांत शाह ने उन कुरीतियों पर सोचने पर मजबूर किया है, जो सालों से प्रथा के तौर पर समाज में चली आ रही हैं, जिन पर आजतक किसी ने सवाल नहीं किया।

‘चिरैया’ की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शादी के बाद भी अपने अधिकारों और सहमति के मुद्दे पर आवाज उठाती है। यह सीरीज सीधे-सीधे पूछती है, क्या शादी करने भर से जीवन भर की सहमति मिल जाती है? क्या पति को जबरदस्ती करने का हक है?

शशांत शाह द्वारा निर्देशित सीरीज में दिव्या दत्ता मुख्य भूमिका में हैं, जो कुरीति पर सवाल उठाने के साथ-साथ अपनों से ही लड़ती दिख रही हैं। वहीं, इसमें संजय मिश्रा भी अहम किरदार में हैं। इसके अलावा सिद्धार्थ शॉ, प्रसन्ना बिष्ट, फैसल राशिद, टिन्नू आनंद और सरिता जोशी जैसे कलाकार भी खास भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज एसवीएफ एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई है और जियो हॉटस्टार पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम हो रही है।

निर्देशक के मुताबिक, ‘चिरैया’ न सिर्फ मनोरंजक है, बल्कि दर्शकों को सोचने पर मजबूर भी कर रही है कि शादी में प्यार के साथ सम्मान और सहमति कितनी जरूरी है।

Leave feedback about this

  • Service