April 16, 2026
Entertainment

शूटिंग के दौरान जब तेज लहरों के बीच फंस गई थीं लारा दत्ता, इस एक्टर ने बचाई जान

When Lara Dutta was trapped in strong waves during the shooting, this actor saved her life.

15 अप्रैल । कभी-कभी फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है। लारा दत्ता की जिंदगी में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब फिल्म की शूटिंग के दौरान वह एक मुश्किल में फंस गईं, जिसमें उनकी जान जाते-जाते बची।

लारा दत्ता का जन्म 16 अप्रैल 1978 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ था। उनके पिता भारतीय वायु सेना में विंग कमांडर थे। उन्होंने बेंगलुरु से अपनी पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई में अच्छी होने के साथ-साथ उनमें कुछ अलग करने की चाह भी थी, जिसने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मॉडलिंग में कदम रखते ही लारा दत्ता ने अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी। साल 1997 में उन्होंने ग्लैडरैग्स प्रतियोगिता जीती। साल 2000 में उन्होंने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह भारत की दूसरी महिला बनीं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के बाद वह पूरी दुनिया में मशहूर हो गईं और उनके लिए फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे खुल गए।

साल 2003 में लारा दत्ता ने फिल्म ‘अंदाज’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा नजर आए। पहली ही फिल्म से उन्हें काफी सराहना मिली और बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने उस वक्त सभी को डरा दिया था।

फिल्म के एक गाने की शूटिंग समुद्र के किनारे हो रही थी। लारा को पानी से डर लग रहा था, लेकिन शूटिंग के लिए वह लहरों के बीच गईं। अचानक एक ऊंची लहर आई और उनका संतुलन बिगड़ गया। वह पानी के साथ बहने लगीं। उस समय वहां मौजूद सभी लोग घबरा गए, लेकिन अक्षय कुमार ने बिना समय गंवाए समुद्र में छलांग लगा दी और अपनी जान की परवाह किए बिना लारा को सुरक्षित बाहर ले आए। यह घटना उनके लिए बहुत डरावनी थी, लेकिन इसी ने उनकी हिम्मत को और मजबूत किया।

इसके बाद लारा दत्ता ने ‘मस्ती’, ‘नो एंट्री’, ‘भागम भाग’, ‘पार्टनर’ और ‘हाउसफुल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। समय के साथ लारा ने फिल्मों के अलावा टीवी और वेब सीरीज में भी काम किया। उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और खुद को हर बार साबित किया।

निजी जीवन की बात करें तो लारा दत्ता ने साल 2011 में मशहूर टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति से शादी की। दोनों की एक बेटी है और वह अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रही हैं।

Leave feedback about this

  • Service