April 16, 2026
National

मुंबई आतंकी नेटवर्क केस में महाराष्ट्र एटीएस की बड़ी कार्रवाई, वाराणसी में नीट एस्पिरेंट से 8 घंटे पूछताछ

Maharashtra ATS takes major action in Mumbai terror network case, interrogates NEET aspirant for 8 hours in Varanasi

16 अप्रैल । महाराष्ट्र एटीएस ने मुंबई से जुड़े कट्टर आतंकी नेटवर्क मामले में वाराणसी के एक नीट एस्पिरेंट से पूछताछ की है। साथ ही अधिकारियों ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज भी जब्त किए हैं। युवक को 22 अप्रैल को आगे की पूछताछ के लिए तलब किया है।

अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र एटीएस ने उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन में मंगलवार को वाराणसी के एक घर पर तलाशी ली और मुंबई में दर्ज एक मामले में 18 वर्षीय नीट एस्पिरेंट से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की।

एजेंसियों की टीम ने वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में स्थित एक डॉक्टर के घर पर यह जांच की, जहां अधिकारियों ने स्थानीय बाल रोग विशेषज्ञ के बेटे अबू बकर से पूछताछ की। उस पर प्रतिबंधित पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े डिजिटल नेटवर्क से संबंध होने का आरोप है।

अबू बकर के खिलाफ जांच की शुरुआत मुंबई के कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्र अयान शेख की हालिया गिरफ्तारी के बाद हुई, जिसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। उसकी फॉरेंसिक जांच में एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।

जांच का फोकस एक संदिग्ध डिजिटल ट्रेल पर है, जो एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा है, जिसकी चरमपंथी गतिविधियों के लिए जांच की जा रही है। महाराष्ट्र एटीएस की जांच में सामने आया है कि युवक से जुड़ा एक अकाउंट इस ऑनलाइन आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अयान शेख, अबू बकर और विभिन्न राज्यों के कई अन्य युवक ‘इस्लामिक पॉलिटिक्स’ नाम के टेलीग्राम चैनल और कई व्हाट्सएप ग्रुप्स में सक्रिय थे, जहां सरकार विरोधी और राष्ट्रविरोधी सामग्री साझा की जा रही थी।

एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, अबू बकर कई महीनों से इन प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय था। इस दौरान उसने कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो साझा किए और राज्य की संप्रभुता को निशाना बनाने वाली चर्चाओं में हिस्सा लिया।

छापेमारी से पहले मुंबई एटीएस ने अबू बकर के मोबाइल नंबर को कई दिनों तक निगरानी में रखा था, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और उसके कथित संबंधों, खासकर पाकिस्तान स्थित लोगों से संभावित लिंक का आकलन किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान घर अंदर से बंद पाया गया, जिसके बाद संयुक्त एटीएस टीमों ने परिसर की तलाशी ली और परिवार की पृष्ठभूमि तथा वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी आगे की जांच के लिए जुटाई। अधिकारियों ने बाद में एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और एक प्रिंटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अबू बकर को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उसे 22 अप्रैल को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई एटीएस के सामने पेश होने का समन जारी किया गया है।

Leave feedback about this

  • Service