April 18, 2026
Entertainment

धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं सोमी अली, लस्सी के गिलास से शुरू हुआ था पिता-बेटी का रिश्ता

Somi Ali gets emotional remembering Dharmendra, the father-daughter relationship started with a glass of lassi.

18 अप्रैल । हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन कई आइकॉनिक फिल्मों के साथ दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।

हेमा मालिनी और ईशा देओल सोशल मीडिया पर अभिनेता को याद करते रहते हैं, लेकिन अब अभिनेत्री सोमी अली ने धर्मेंद्र को याद कर पुरानी यादों को फैंस के सामने रखा है। उन्होंने अभिनेता को अपने पिता समान भी बताया।

सोमी अली भले ही हिंदी सिनेमा से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए फिल्मों से जुड़े पुराने किस्से शेयर करती रहती हैं। अब उन्होंने धर्मेंद्र के साथ उनके घर पर हुई मुलाकात का किस्सा शेयर किया है कि कैसे लस्सी पीते-पीते अभिनेता ने उन्हें बेटी मान लिया था और हर बुरे और अच्छे वक्त में उनका साथ दिया था।

उन्होंने फिल्म का एक सीन शेयर करते हुए लिखा, “मैं उस शख्स की यादों को संजोकर रख रही हूं, जिन्होंने 1991 में अपने बंगले में पहली बार लस्सी पीते हुए मुझे अपनी बेटी मान लिया था। हम हंसे, भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की और यह भी कि हम दोनों अपने संवाद उर्दू में पढ़ते थे। एकमात्र ऐसे इंसान जो हमेशा मेरे लिए एक सच्चे पिता की तरह मौजूद रहे।”

सोमी अली के लिए अभी तक यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि धर्मेंद्र दुनिया में नहीं हैं। वह उन्हें बहुत याद करती हैं। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि जब वे अपने बुरे दौर से गुजर रही थीं, तब अभिनेता फोन के जरिए उनके साथ जुड़े रहे थे।

उन्होंने आगे लिखा, “मुझे बेहद खुशी है कि मुझे धरम जी के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। मैं आपको बहुत याद करती हूं और अभी भी यकीन नहीं होता कि आप चले गए हैं। आपकी आत्मा को शांति मिले और आप जहां भी हों, अपना निःस्वार्थ प्रेम बांटते रहें।”

बता दें कि सोमी अली और धर्मेंद्र ने 1996 में आई ‘माफिया’ में एक साथ काम किया था। फिल्म में धर्मेंद्र अपने भाई और इंस्पेक्टर की मौत का बदला लेने की कोशिश करते हैं, और सोमी अली उनका पूरा साथ देती हैं।

Leave feedback about this

  • Service