April 20, 2026
Entertainment

आशा भोसले की याद में भावुक हुए सितारे, मुमताज और दलीप ताहिल ने शेयर किया खास वीडियो

Celebs get emotional remembering Asha Bhosle, Mumtaz and Dalip Tahil share a special video

19 अप्रैल । मशहूर गायिका आशा भोसले अब इस दुनिया में नहीं रहीं, लेकिन उनके गाने आज भी लोगों के जहन में जिंदा हैं। शनिवार को अभिनेता दलीप ताहिल और बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री मुमताज ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें याद कर उनके लिए भावुक पोस्ट की।

अभिनेत्री मुमताज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे आशा भोसले के पार्थिव शरीर के पास खड़ी नजर आ रही हैं और उन्हें लगातार निहार रही हैं। मुमताज ने अपने भाव को कैप्शन पर उतार दिया। अभिनेत्री ने लिखा, “हर रिश्ता और प्यार दुनिया को दिखाने के लिए नहीं होता। कुछ रिश्ते दिल में चुपचाप बस जाते हैं, जहां सिर्फ आप ही उनकी गहराई और अपनों के लिए महसूस होने वाले दर्द को समझते हैं। आशा भोसले जी, आपकी बहुत याद आएगी।”

वहीं, अभिनेता दलीप ताहिल ने भी इंस्टाग्राम पर दिवंगत गायिका को याद किया। उन्होंने अपनी पुरानी फिल्म ‘थानेदार’ का वीडियो क्लिप शेयर किया। इस क्लिप में दलीप उस मशहूर गाने ‘जीना है, तो को हंस के जियो’ पर नजर आते हैं। इस गाने का फीमेल वर्जन आशा भोसले ने ही गाया था।

वीडियो की शुरुआत में अभिनेता दर्शकों से बात करते दिखते हैं। वे कहते हैं कि लोग उनसे अक्सर पूछते हैं कि वे रील्स क्यों बनाते हैं। फिर वे बताते हैं कि इस सवाल का जवाब उन्होंने बहुत पहले ही दे दिया था। इसके बाद वीडियो फिल्म के उस हिट गाने के क्लिप में बदल जाता है, जिसमें दलीप के डांस और विजुअल्स दिखाए गए हैं। क्लिप पोस्ट कर ताहिल ने लिखा, “फिल्म ‘थानेदार’ का गाना ‘जीना है, तो हंस के जियो’। धन्यवाद, आशा ताई, संगीत की दुनिया में आपके अमूल्य योगदान के लिए।”

आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में हजारों गाने गाए हैं। उन्होंने अपने सुरों से संगीत जगत को एक अलग पहचान दिलाई है, जो खुशी, गम और हर भाव को छू जाता था। ‘जीना है, तो हंस के जियो’ एक बेहद लोकप्रिय और सकारात्मक गीत है। बप्पी लाहिड़ी द्वारा संगीतबद्ध और अमित कुमार-आशा भोसले द्वारा गाए गए इस गीत का मुख्य संदेश मुश्किलों में भी खुश रहना और जीवन को उम्मीद के साथ जीना है।

Leave feedback about this

  • Service