April 23, 2026
National

दिल्ली के शकरपुर में सड़क हादसा : एक की मौत, तीन घायल, आरोपी चालक गिरफ्तार

Road accident in Delhi’s Shakarpur: One dead, three injured, accused driver arrested

23 अप्रैल । दिल्ली के पूर्वी जिले के शकरपुर थाना क्षेत्र में विकास मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।

यह हादसा बुधवार-गुरुवार मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे गीता कॉलोनी कट विकास मार्ग पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात 1:50 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि सभी घायलों को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया है और आरोपी चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शिकायतकर्ता अनिल कुमार के मुताबिक, मारुति सेलेरियो कार ने पैशन मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी। बाइक पर एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान 35 वर्षीय नीरज निवासी एनएसए कॉलोनी, विश्वास नगर, दिल्ली को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नीरज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कनॉट प्लेस से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

घायलों में नीरज की पत्नी सोनम (35), उनका बेटा और बेटी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। इस मामले में आरोपी चालक सचिन गुलाटी (45), निवासी सेक्टर-31, नोएडा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave feedback about this

  • Service