April 24, 2026
National

हम नीतीश के रास्ते से विचलित नहीं होने वाले: विजय चौधरी

We will not deviate from Nitish’s path: Vijay Chaudhary

24 अप्रैल । बिहार विधानसभा के एक दिन के विशेष सत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बहुमत साबित करने के लिए विश्वास मत का प्रस्ताव पेश किया है। सदन में इस पर बहस चल रही है।

इस बीच, प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हम नीतीश के रास्ते से विचलित नहीं होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ’25 से 30, फिर से नीतीश के नाम’ पर सरकार बनी, लेकिन फिर सीएम बदल गए। चौधरी ने भरोसा देते हुए कहा कि 25 से 30 तक नीतीश का ही काम चलेगा।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस महीने नीतीश कुमार से सम्राट चौधरी को सहज सत्ता हस्तांतरण मिसाल बन गया है। आज एनडीए की दूसरी पीढ़ी सत्ता में आई है। इसको भी जनता का समर्थन है। उन्होंने कहा कि पीढ़ियां बदल रही हैं, लेकिन लोगों का विश्वास एनडीए से नहीं हट रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं कि एनडीए की तीसरी पीढ़ी भी सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को मलाल यही है कि सरकार पर सरकार बनती जा रही है, लेकिन आपको मौका नहीं मिल रहा है, यह मौका सिर्फ बिहार की जनता ही दे सकती है और इसके लिए आपको बिहार की जनता का भरोसा जीतना होगा।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को याद करते हुए कहा कि हमें मलाल जरूर है कि नीतीश कुमार जैसा दूरदर्शी नेता हम लोगों से दूर चला गया है। वे आज दूसरे सदन में चले गए हैं। इस सदन में तो उनकी सिर्फ यादें हैं, भावनाएं हैं, स्मृतियां हैं। लेकिन उन्हें याद करते हुए भी हम अपने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मिलकर उनके सपनों का ही बिहार बनाएंगे। हम बिहार की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम उन्हीं (नीतीश कुमार) के बताए रास्ते पर चलेंगे।

Leave feedback about this

  • Service