April 25, 2026
Entertainment

‘दुनिया का आठवां अजूबा’, माइकल जैक्सन को याद कर इमोशनल हुए अनुपम खेर

Anupam Kher gets emotional remembering Michael Jackson, the ‘eighth wonder of the world’

25 अप्रैल । फिल्म निर्माता-निर्देशक व अभिनेता अनुपम खेर सोशल मीडिया के जरिए लगातार फैंस के साथ जुड़ना पसंद करते हैं। इसी कड़ी में वह अपने प्रशंसकों के साथ अक्सर अलग-अलग मुद्दों के साथ ही किस्से-कहानियों को भी साझा करते रहते हैं। लेटेस्ट पोस्ट में वह ‘किंग’ ऑफ पॉप’ को याद करते नजर आए।

माइकल जैक्सन की बायोपिक शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है। इस बीच अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर माइकल जैक्सन की याद में एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में अनुपम खेर व माइकल जैक्सन साथ खड़े हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। तस्वीर पोस्ट करते हुए अनुपम खेर भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि यह तस्वीर सिर्फ एक याद नहीं, बल्कि समय में ठहर गई एक खास भावना है।

अनुपम खेर ने लिखा, “डियर माइकल जैक्सन, यह तस्वीर सिर्फ एक याद नहीं है… यह समय में रुक गई एक भावना है। मुझे आज भी वह पल याद है जब मैंने मुंबई में आपसे हाथ मिलाया था। उस एक पल के लिए मेरे अंदर का फैन पूरी तरह हावी हो गया था। यह अवास्तविक था… लगभग अविश्वसनीय… जैसे किसी जादू को छू लिया हो, विश्वास ही नहीं हो रहा था।”

पोस्ट में आगे खेर किंग ऑफ पॉप की तारीफ करते नजर आए। उन्होंने आगे लिखा कि माइकल जैक्सन सिर्फ एक कलाकार नहीं , बल्कि एक अनुभव थे। अनुपम खेर ने कहा, “आप एक ऐसी घटना थे जिसे शायद दुनिया फिर कभी न देख पाए। अगले हजार सालों तक सचमुच आपके जैसा कोई नहीं होगा।”

यही नहीं अनुपम खेर ने माइकल जैक्सन को दुनिया का आठवां अजूबा बताया। उन्होंने लिखा, “हम धन्य हैं कि आप इस धरती पर आए और अपनी कला, मासूमियत और प्रतिभा से लाखों लोगों के जीवन को छुआ। आप मानवता के लिए ईश्वर का उपहार थे।”

अनुपम खेर ने यह भी कहा कि कहीं न कहीं उन्हें दुख होता है कि आज भी कुछ लोग उस खूबसूरती का जश्न मनाने के बजाय जहर फैलाना पसंद करते हैं। लेकिन उन्होंने जोड़ा कि माइकल जैक्सन की महानता शोर और नकारात्मकता से कहीं ऊपर है। पोस्ट के अंत में अनुपम खेर ने भावुक होते हुए लिखा, “आप जहां भी हों, उम्मीद है कि आप अपने स्टाइल में थिरक रहे होंगे, कुछ नया रच रहे होंगे और मुस्कुरा रहे होंगे।”

Leave feedback about this

  • Service