April 29, 2026
National

छत्तीसगढ़: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आईपीएल ऑनलाइन सट्टे के मास्टरमाइंड समेत छह सटोरिए गिरफ्तार

Chhattisgarh: Mahasamund police arrest six bookies, including the mastermind of IPL online betting.

26 अप्रैल । आईपीएल ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड एडमिन समेत 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल और 1.15 करोड़ रुपए के ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन पैनल और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इस गिरोह का संचालन रायपुर, बेमेतरा और महासमुंद से किया जा रहा था। आरोपी लगातार ठिकाने बदल-बदलकर अलग-अलग स्थानों से ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे।

महासमुंद पुलिस को इस गिरोह के जरिए 1 करोड़ रुपए से अधिक के ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी मिली थी। जांच में सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन पैनल के माध्यम से आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 5 पैनल और 10 मास्टर लॉगिन रखने वाले सटोरियों की पहचान की है।

पुलिस ने बताया कि थाना महासमुंद क्षेत्र में जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अप्रैल को महासमुंद थाना पुलिस ने बाबा फैमिली ढाबा, घोड़ारी के पास छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी ‘पॉवर एक्स’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलाते पाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

प्रकरण की आगे की जांच में तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को इस सट्टा नेटवर्क के मुख्य एडमिन और अन्य बड़े सटोरियों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर और बेमेतरा में दबिश देकर 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुख्य एडमिन भी शामिल है, जो पैनल ऑपरेट करता था, आईडी बेचता था और सट्टे के पैसों का वितरण व संचालन करता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश, ललित चावला, अंशु बग्गा, सौरभ जैन, विजय वर्मा और निशांत नागवानी के रूप में हुई है। सभी आरोपी रायपुर और बेमेतरा के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 13 टच स्क्रीन मोबाइल, 9 कीपैड मोबाइल और 1 करोड़ 15 लाख रुपए के ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड बरामद किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपए है।

महासमुंद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के साथ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service