30 अप्रैल । राजस्थान के भिवाड़ी जिले में गुरुवार को एलपीजी गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण कम से कम 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, भिवाड़ी फेज-3 पुलिस थाना इलाके के साथलका गांव में एक रिहायशी घर के अंदर गैस सिलेंडर फटने की यह घटना हुई। धमाका उस समय हुआ जब घर में खाना बन रहा था। धमाके के समय घर में करीब सात लोग मौजूद थे। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद पीड़ितों को बचाने में कामयाब रहे।
रिपोर्टों के मुताबिक, गैस लीक होने के कारण आग लगी थी, जो तेजी से फैल गई और फिर एक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घर का सामान इधर-उधर बिखर गया और आग की लपटों ने घर के अंदर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
घायलों को तुरंत भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका आपातकालीन इलाज शुरू किया गया। हालांकि, उनकी हालत की गंभीरता और चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी सात पीड़ितों को बेहतर इलाज के लिए अलवर के एक बड़े मेडिकल सेंटर में रेफर कर दिया। पीड़ितों के अस्पताल पहुंचने पर मेडिकल टीमों ने उनकी हालत स्थिर करने के लिए तुरंत काम शुरू कर दिया।
एक महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “सिलेंडर लीक कर रहा था, जिसके आग लग गई। घटना में 7 लोग झुलसे हैं।”
इसी बीच, प्रशासन ने जनता से अपील की कि वे समय-समय पर अपने गैस सिलेंडरों और पाइपलाइनों की जांच करते रहें, सतर्क रहें और यदि उन्हें गैस की कोई गंध महसूस हो तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


Leave feedback about this