May 4, 2026
National

तमिलनाडु में फैसले का इंतजार, कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई वोटों की गिनती

Tamil Nadu awaits verdict, vote counting begins amid tight security

4 मई । तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की मतगणना के मद्देनजर सोमवार को चेन्नई के प्रमुख मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। पूरे राज्य में सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट से वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसके बाद सुबह 8.30 बजे से ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू की गई। यह प्रक्रिया चुनाव अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों की कड़ी निगरानी में जारी है।

चेन्नई का लोयोला कॉलेज मुख्य मतगणना केंद्रों में से एक है। यहां तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है, जिसमें प्रवेश द्वारों पर दर्जनों पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। परिसर के बाहर बैरिकेड लगाए गए हैं और अंदर आने वाले हर वाहन की सघन जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि क्वीन मैरी कॉलेज और अन्ना यूनिवर्सिटी समेत अन्य प्रमुख काउंटिंग सेंटर्स पर भी इसी तरह की विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जहां मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) सुरक्षित रूप से रखी गई हैं।

भारत के चुनाव आयोग ने रविवार को एक बार फिर दोहराया कि वह काउंटिंग प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता, सुरक्षा और दक्षता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

सभी 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी, जिसमें कुल 5.73 करोड़ वोटरों में से 4.88 करोड़ वोट डाले गए, यानी 85.10 प्रतिशत वोटिंग हुई। कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं और 62 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है।

तमिलनाडु में एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके और एडप्पादी के. पलानीस्वामी की अगुवाई में एआईएडीएमके के बीच मुख्य मुकाबला है। एआईएडीएमके, एनडीए में भाजपा की सहयोगी पार्टी है।

हालांकि, कई क्षेत्रीय पार्टियां भी चुनाव मैदान में उतरी हैं, जिनकी किस्मत का फैसला सोमवार को मतगणना के बाद होगा। इसमें अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कड़गम’ (टीवीके) भी शामिल है। इससे राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला है।

Leave feedback about this

  • Service